NEET-UG परीक्षा 2026 रद्द , पेपर लीक मामले की होगी CBI जांच

National Testing Agency यानी NTA ने 3 मई को आयोजित हुई NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। एजेंसी ने बताया कि केंद्र सरकार की मंजूरी और जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद यह फैसला लिया गया है। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी।
पेपर लीक मामले की जांच CBI को
केंद्र सरकार ने NEET पेपर लीक मामले की जांच Central Bureau of Investigation (CBI) को सौंप दी है। NTA ने कहा कि वह जांच एजेंसी को सभी रिकॉर्ड, दस्तावेज और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराएगा।
NTA के अनुसार, 8 मई 2026 को ही मामले से जुड़ी कुछ जांच केंद्रीय एजेंसियों को सौंप दी गई थी। जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद यह माना गया कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना संभव नहीं है, इसलिए पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परीक्षा रद्द की गई।
राजस्थान में मिले बड़े सबूत
3 मई को देशभर में हुई NEET UG परीक्षा के बाद पेपर लीक की आशंका सामने आई थी। राजस्थान में कई छात्रों के पास हाथ से लिखा हुआ “गेस पेपर” मिला, जिसके सवाल असली परीक्षा से मेल खाते पाए गए।
10 मई को राजस्थान SOG ने कार्रवाई करते हुए देहरादून, सीकर और झुंझुनू से 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया। इनमें सीकर के एक कोचिंग संस्थान से जुड़ा करियर काउंसलर भी शामिल है।
720 में से 600 नंबर के सवाल पहले पहुंचे!
जांच में सामने आया कि परीक्षा से दो दिन पहले ही 720 में से करीब 600 नंबर के सवाल कुछ छात्रों तक पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि केरल के एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र ने 1 मई को यह गेस पेपर सीकर में अपने दोस्त को भेजा था। बाद में यह पेपर एक PG संचालक के जरिए कई छात्रों तक पहुंच गया।









