बंद कमरे में मिली युवक की 4 दिन पुरानी लाश

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ईदगाह के पास गंगा नगर के एक बंद मकान से युवक की चार दिन पुरानी लाश मिली है।
बुधवार दोपहर को जब आसपास के लोगों को वहां से असहनीय बदबू आने लगी तो पुलिस को बुलाया। अंदर से बंद दरवाजा तोड़ा, तो कमरे में युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। मृतक की पहचान रामसिंह पिता मोहनलाल ठाकुर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि रामसिंह यहां अकेला रहता था।
शराब का आदी होने के कारण उसके लिवर में भी परेशानी थी। उसकी पत्नी कुछ साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी, जबकि उसके माता-पिता अंकपात मार्ग स्थित श्रीकृष्ण कॉलोनी में रहते हैं। प्रारंभिक जांच और पड़ोसियों के बयानों से पता चला है कि रामसिंह शराब पीने का आदी था। पड़ोसियों ने बताया कि चार दिन पहले उसने कॉलोनी के ही एक युवक से शराब की बोतल मंगवाई थी।
यूनिटी मॉल में मजदूर की मौत साथी अस्पताल छोड़ कर भागे
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इंदौर रोड पर बन रहे यूनिटी मॉल मेें बुधवार शाम को एक श्रमिक की मौत हो गई। वहां काम कर रहे अन्य मजदूर उसका शव अस्पताल में छोड़कर चले गए।
घटना बुधवार शाम की बताई गई है। यहां पर काम कर रहे मुनिंदर पिता सुनिंदर सिंह निवासी बिलासपुर नगाल हथियारपुर (पंजाब) को शाम करीब 5 बजे कुछ लोग चरक अस्पताल लाए। साथ आए लोगों ने बताया कि यह काम करते वक्त गिरकर घायल हो गया है। अस्पताल में डॉक्टर ने देखा तो तब तक मुनींदर की मौत हो चुकी थी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम रूम में रख दिया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद से साथी श्रमिक भी चले गए। जो नंबर उन्होंने अस्पताल में लिखाया था वो भी उसके बाद से लगातार बंद आ रहा है। इस बाबत नीलगंगा टीआई तरुण कुरील से कई बार संपर्क का प्रयास किया, लेकिन चर्चा नहीं हो सकी।









