पारिवारिक विवाद के बाद 15 वर्षीय किशोर ने की आत्महत्या

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। मक्सी रोड स्थित पंवासा क्षेत्र के शिव नगर में 15 वर्षीय किशोर ने अज्ञात कारणों के चलते घर में ही फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पंवासा पुलिस के मुताबिक शिव नगर निवासी प्रणव (15 वर्ष) पिता शंकर ने शनिवार शाम को अपने ही घर में मां की साड़ी का फंदा बनाया और गले में डाल लिया।
घटना से कुछ देर पहले प्रणव की अपने भाई-बहन से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद वह नाराज होकर दूसरे कमरे में चला गया, जबकि भाई-बहन वापस अपने खेल में व्यस्त हो गए। घटना के समय मृतक के पिता अपने काम पर गए हुए थे और मां भी दूसरों के घरों में काम करने गई थी। शाम को जब माता-पिता काम से लौटकर घर आए, तब उन्होंने प्रणव को तलाशा तो इस घटना की जानकारी मिली। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।









