कुवैत एयरपोर्ट हमले में उज्जैन के मंजूर अहमद की मौत, पार्थिव शरीर भारत लाने की तैयारी

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। ईरान के हमले में कुवैत एयरपोर्ट पर जान गंवाने वाले उज्जैन के टेलर का शव शुक्रवार सुबह उज्जैन आएगा। उन्हें रामघाट स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक किया जाएगा।
दरअसल, राज रायल कॉलोनी के रहने वाले 55 वर्षीय मंजूर अहमद पिता सैयद अहमद पेशे से टेलर थे। वह कुवैत में टेलरिंग का काम करते थे। करीब 30 साल से कुवैत में रह रहे मंजूर भांजे की शादी में शामिल होने के लिए उज्जैन आ रहे थे। उनका भांजा राजा रतलाम के शैरानीपुरा में रहता है। 8 जून को उसकी बारात है।
मंजूर कुवैत एयरपोर्ट पर फ्लाइट में सवार होने पहुंचे थे। इसी दौरान ईरान ने हमला कर दिया। मंजूर के परिवार में मां, पत्नी फरीदा बी, बेटियां सना परवीन, सबा परवीन और एक बेटा मोहम्मद अनस है। पेशे से ड्राइवर साले इस्माईल ने बताया कि जीजा पिछले साल तीस दिन के लिए आए थे। तब कह रहे थे कि थोड़ा समय और रुकने के बाद उज्जैन वापस लौटेंगे। बेटे का करियर बनाना है।
आज रात अहमदाबाद शव पहुंचने की संभावना: मंजूर का शव आज रात कुवैत से फ्लाइट के जरिए अहमदाबाद एयरपोर्ट आएगा। उज्जैन से परिजन शाम को शव लेने जाएंगे। सुबह तक वापस लौटेंगे। घर पर कुछ देर रुकने के बाद रामघाट स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक किया जाएगा।









