सीएम हेल्पलाइन में बरती लापरवाही : 3 तहसीलदार और 3 सीएमओ सहित कई अफसरों का वेतन राजसात

टीएल बैठक में कलेक्टर दिखें सख्त मूड में, बिना अनुमति नदारद रहने पर ईई को नोटिस
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अमूमन शांत रहने वाले कलेक्टर रौशनकुमार सिंह का टीएल बैठक में उस वक्त गुस्सा फट पड़ा , जब उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में गंभीर लापरवाही देखी। उन्होंने ३ तहसीलदार, तीन सीएमओ का वेतन राजसात करने के निर्देश दिए। बिना अनुमति मुख्यालय से नदारद रहने वाले डब्ल्यूआरडी के ईई को उन्होंने कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को हल करने में तहसीलदार नागदा , तहसीलदार माकड़ौन तहसीलदार, घट्टिया , जनपद पंचायत घट्टिया के सीईओ और डीओ ट्राइबल का वेतन राजसात करने के निर्देश दिए। सीएमएचओ,, तराना नगर परिषद सीएमओ, बडऩगर नगरपालिका सीएमओ और महिदपुर नगरपालिका सीएमओ का एक-एक सप्ताह का वेतन राजसात करने के आदेश दिए। शिक्षा विभाग में लापरवाही बरतने पर सीएम हेल्पलाइन इंचार्ज का 3 दिन का वेतन काटने और डॉ. मंजूष गुप्ता का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। इसी तरह बिना अनुमति बैठक से नदारद रहने पर जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री (ईई) को कारण बताओ नोटिस दिया गया। दरअसल इन लोगों ने सीएम हेल्पलाइन पर आई शिकायतों को ५० दिन से ज्यादा का समय बीतने के बाद भी निराकरण नहीं किया था।
12 से 18 जून तक जन कल्याण शिविर
नगरीय निकाय और विकासखंड मुख्यालयों पर 12 से 18 जून के बीच 3 दिवसीय जन कल्याण शिविर होंगे। इनमें लोक सेवा गारंटी अधिनियम की सभी सेवाएं मौके पर ही मिलेंगी।
21 बेटियों को मिला उच्च शिक्षा का अवसर
बैठक में उज्जैन ग्रामीण एसडीएम के बेहतरीन नवाचार की सराहना की गई। कलेक्टर के मार्गदर्शन में एसडीएम ने 12वीं पास उन 21 बालिकाओं के पालकों की काउंसिलिंग की, जो बेटियों को आगे पढ़ाने के लिए तैयार नहीं थे। प्रशासनिक समझाइश से अब यह बेटियां उच्च शिक्षा के लिए कॉलेजों में दाखिला ले चुकी हैं।









