Team India ने अफगानिस्तान के सामने रखा 403 रन का विशाल लक्ष्य
गिल ने खेली 154 रन की कप्तानी पारी, ईशान किशन ने जड़ा शानदार शतक

लखनऊ। भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 403 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा कर दिया। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 49.5 ओवर में 402 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यह पहला मौका है जब वनडे क्रिकेट में अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम ऑलआउट हुई है.

भारतीय पारी की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और यशस्वी जायसवाल महज 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े। रोहित अर्धशतक से चूक गए और 48 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद शुभमन गिल और ईशान किशन ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए तीसरे विकेट के लिए 224 रन की शानदार साझेदारी की। गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 154 रन बनाए, जबकि ईशान किशन ने 125 रन की विस्फोटक पारी खेली।
16 महीने बाद गिल के बल्ले से निकला वनडे शतक
शुभमन गिल ने करीब 16 महीने बाद वनडे क्रिकेट में शतक लगाया। इससे पहले उन्होंने फरवरी 2025 में बांग्लादेश के खिलाफ तीन अंकों का आंकड़ा छुआ था। उनकी पारी की बदौलत भारत 400 रन के पार पहुंचने में सफल रहा।
अफगानिस्तान की ओर से खरोटे और राशिद चमके
अफगानिस्तान के लिए नांगेलिया खरोटे सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं अनुभवी स्पिनर राशिद खान ने 3 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान की सधी शुरुआत
403 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान टीम ने शुरुआती 5 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 32 रन बना लिए। रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत की प्लेइंग-11
रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।
अफगानिस्तान की प्लेइंग-11
रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), दरविश रसूली, राशिद खान, नांगेलिया खरोटे, मोहम्मद सलीम, अल्लाह गजनफर, बिलाल सामी।









