नाबालिग को झोपड़ी में बंधक बनाकर दुष्कर्म

उज्जैन। बड़ौद के कोटडी में रहने वाला एक युवक घट्टिया थाना क्षेत्र की एक किशोरी को १५ दिन पहले अपने साथ ले गया। उसने नाबालिग को झोपड़ी में बंधक बनाकर रखा और उससे दुष्कर्म किया। पुलिस उसका पता नहीं लगा ले,इसलिए उसने मोबाइल और सिम भी तोड़ दी। फिर भी पुलिस के हाथों से बच नहीं सका।

दरअसल,नागदा थाने के किराडिया के रहने वाला शख्स घट्टिया थाने के कुमारड़ी में हाली का काम करता है। उसके साथ परिवार भी रहता है। 10 जून को उसकी 15 वर्षीय पुत्री यहां से लापता हो गई थी। सभी दूर तलाशने के बाद हाली ने घट्टिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सीडीआर से मिला सुराग फिर शुरू हुई तलाश
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के बाद किशोरी के परिजन और संदेहियो के मोबाइल की सीडीआर (कॉल डिटेल रिपोर्ट) निकाली तो तीन संदिग्ध नंबर मिले। इनमें से दो तो परिचित के निकले लेकिन तीसरा आगर की कानड़ तहसील के किशनपुरा के रहने वाले धर्मेंद्र नायक का निकला। फिलहाल वह बड़ौद के कोटड़ी गांव के एक खेत में झोपड़ी बनाकर रह रहा था।
पुलिस जब यहां पहुंची तो नाबालिग झोपड़ी में ही मिली। उसने बताया कि धर्मेंद्र उसे अपने साथ ले आया था और बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। पुलिस से बचने के लिए धर्मेंद्र ने मोबाइल और सिम दोनों तोड़ दिए थे। ऐसे में लोकेशन नहीं मिल रही थी। किशोरी की खेत पर काम करते समय धर्मेंद्र से पहचान हुई थी और दोनों फोन पर भी बातें करते थे।
दुष्कर्म की धारा बढ़ाई: मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी है। पॉक्सो और अपहरण का मामला पहले से दर्ज था।









