Advertisement

क्रेन से वैन लटकाकर धमाका करने वाले पांच और आरोपी गिरफ्तार

मोहर्रम जुलूस में विस्फोट करने के मामले में अब तक ९ पकड़े गए, 2 पुलिस रिमांड पर, ७ सलाखों के पीछे

 

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। बडऩगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान क्रेन से वैन को हवा में लटकाकर उसमें आग लगाने और भीषण विस्फोट करने के सनसनीखेज मामले में बडऩगर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने मामले में 5 और आरोपी अयान, नाहरु, इम्तियाज, रईश और मोईन को गिरफ्तार किया है। सोमवार को इस मामले में कुल 8 आरोपियों को एकसाथ न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से कोर्ट ने दो मुख्य आरोपियों को पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है, जबकि अन्य 6 को जेल भेजने के आदेश दिए हैं। एक आरोपी क्रेन ड्राइवर पहले से ही जेल में हैं।

Advertisement

सोमवार को पुलिस द्वारा न्यायालय में पेश किए गए आरोपियों में से कोर्ट ने मोईन और अयान को पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस रिमांड के दौरान इन दोनों से घटना की साजिश और बारूद-विस्फोटक कहाँ से आए, इस संबंध में पूछताछ की जाएगी। वहीं, बाकी 6 अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले गिरफ्तार किए गए 4 आरोपियों में से 3 की पुलिस रिमांड सोमवार को समाप्त हो गई थी, जबकि घटना में इस्तेमाल की गई क्रेन के ड्राइवर को अदालत पहले ही जेल भेज चुकी है।

वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों से हुई नए आरोपियों की पहचान

Advertisement

हवा में वैन ब्लास्ट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेकर केस दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की बारीकी से जांच, चश्मदीदों के बयानों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों को चिन्हित किया गया। इसके बाद पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देकर अयान, नाहरु, इम्तियाज, रईश और मोईन को धरदबोचा। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी अब भी जारी है।

40 फीट ऊंचाई पर लटकी वैन में किया था धमाका

यह पूरी विवादित और खतरनाक घटना 23 जून की रात मोहर्रम जुलूस के दौरान बडऩगर के अड़ान मोहल्ले में सामने आई थी। यहाँ नियमों को ताक पर रखकर एक पुरानी वैन को क्रेन की मदद से करीब 40 फीट की ऊंचाई पर हवा में लटकाया गया था। स्टंट के कुछ ही देर बाद वैन में भीषण आग लग गई और धमाका हुआ, जिससे आसपास मौजूद भीड़ और रिहायशी इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें