Advertisement

इंदौर में साइबर ठगी के दो मामले, लाखों रुपए की धोखाधड़ी

इंदौर में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों ने एक बार फिर ऑनलाइन धोखाधड़ी के बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया है। तुकोगंज और एरोड्रम थाना क्षेत्र में दर्ज इन मामलों में एक कंप्यूटर कारोबारी और एक गृहिणी साइबर अपराधियों का शिकार बने हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

Advertisement

लैपटॉप बेचने का झांसा देकर व्यापारी से ठगे 1.80 लाख रुपए

तुकोगंज थाना क्षेत्र के चितावद निवासी और सिल्वर मॉल में कंप्यूटर कारोबार करने वाले अंकित मित्तल को 3 जून को वॉट्सऐप पर एक संदेश मिला। संदेश भेजने वाले ने खुद को तमिलनाडु की शक्ति इंटरप्राइजेज का प्रतिनिधि बताते हुए कम कीमत पर लैपटॉप उपलब्ध कराने का दावा किया।

अंकित ने पहले माल देखने की शर्त रखी। इस पर आरोपी ने बताया कि लैपटॉप दिल्ली के एक व्यापारी के पास रखे हैं। परिचित के जरिए जानकारी की पुष्टि कराने के बाद अंकित ने आरोपी के बताए बैंक खाते में 1.80 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए।

Advertisement

रुपए मिलने के बाद बंद कर दिया संपर्क

राशि भेजने के बाद न तो लैपटॉप की डिलीवरी हुई और न ही आरोपी ने फोन उठाया। बाद में दिल्ली के व्यापारी से संपर्क करने पर पता चला कि उसके पास ऐसा कोई माल मौजूद ही नहीं था।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि साइबर ठग ने सत्यराज नाम से फर्जी वॉट्सऐप अकाउंट का इस्तेमाल कर व्यापारी को झांसे में लिया और रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर करा ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Advertisement

संदिग्ध लिंक पर क्लिक करते ही खाते से निकले 14.39 लाख रुपए

दूसरा मामला एरोड्रम थाना क्षेत्र का है। यहां गृहिणी चेताली माहेश्वरी के मोबाइल पर एक संदिग्ध संदेश आया। बताया गया कि लिंक पर क्लिक करने के कुछ समय बाद उनके बैंक खाते से लगातार 14 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 14 लाख 39 हजार रुपए विभिन्न खातों में भेज दिए गए।

लेनदेन की जानकारी मिलते ही महिला ने अपने पति को सूचना दी और तुरंत बैंक से संपर्क कर खाता फ्रीज कराया। इसके बाद साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस कर रही तकनीकी जांच

दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित बैंक खाताधारकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां बैंक खातों, ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर ठगों की पहचान करने में जुटी हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें और संदिग्ध लिंक या संदेश पर क्लिक करने से पहले उसकी पूरी तरह जांच कर लें।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें