शादीशुदा महिला के एडिटेड फोटो पति को भेजे, बेटे को मारने की धमकी भी दी

सनकी आशिक की घिनौनी करतूत… बाणगंगा में एफआईआर
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। शहर के बाणगंगा इलाके में सिरफिरे आशिक की खौफनाक करतूत से सनसनी फैल गई है। एक महिला का पीछा करने, उसे जबरन होटल ले जाकर तस्वीरें खींचने और फिर वही फोटो एडिट कर उसके पति के व्हाट्सएप पर भेजकर ब्लैकमेल करने वाले शातिर आरोपी जितेंद्र सोलंकी की घिनौनी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। पीडि़ता की शिकायत पर बाणगंगा पुलिस ने छेड़छाड़, जान से मारने की धमकी और ब्लैकमेलिंग की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पीडि़ता के मुताबिक, ऑनलाइन काम के सिलसिले में उसकी पहचान पड़ोस के जितेंद्र से हुई थी। लेकिन धीरे-धीरे आरोपी साये की तरह उसका पीछा करने लगा। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने महिला को उसके मासूम बेटे के सामने रोककर अपशब्द कहे और साफ धमकी दी… ‘जब बुलाऊं, चुपचाप मिलने आना पड़ेगा, वरना पति-बेटे को खत्म कर दूंगा।’
काम पर जाते वक्त आरोपी महिला को जबरन होटल ले गया और वहां उसके फोटो खींच लिए। इसके बाद आरोपी ने 22 जुलाई को वे तस्वीरें महिला के पति के मोबाइल पर भेज दीं और कॉलोनी में भी वायरल करने लगा।
पति को बताई आपबीती
बदनामी के डर से चुप रही पीडि़ता ने प्रताडऩा की हद पार होने पर पति को पूरी सच्चाई बताई और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बाणगंगा पुलिस अब आरोपी की घेराबंदी में जुटी है और सिरफिरे को सलाखों के पीछे भेजने की तैयारी कर चुकी है।









