मानसून की मुसीबत: नहीं उठ रहा कचरा, उफन रहा नाला, बंद है स्ट्रीट लाइट

उज्जैन। मानसूनी सीजन शहर की कई कॉलोनियों और मोहल्लों के लिए मुसीबत बनकर आया है। अनदेखी से कहीं नाली साफ नहीं हो रही है तो कहीं सफाई हो गई तो कचरा वहीं छोड़ दिया गया। कहीं ऐसी स्थिति है कि सीवरेज का गंदा पानी सड़क पर आ रहा है। कहीं महीनों से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं।
उफनता नाला बना परेशानी
केडी गेट पर उफनता नाला लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। वार्ड नंबर 13 में यह नाला केडी गेट से होता हुआ आगे निकलता है। जब भी नाले में फ्लो बढ़ता है पानी सड़क पर फैल जाता है। सबसे ज्यादा दिक्कत सड़क किनारे कारोबार करने वालो को होती है। गंदे पानी के कारण उनका व्यापार ठप हो जाता है। रहवासी अशफाक हुसैन कहते हैं करीब-करीब रोज ही ऐसा हाल रहता है।
वार्ड नंबर 18 के तुलसीनगर की भी यही स्थिति है। यहां के रहवासी सरोज जैन कहते है मंदिर के पास ही गंदगी पड़ी रहती है। चातुर्मास शुरू होने वाले हैं। हजारों लोगों का आना होगा, पर मंदिर के पास ही कचरा पड़ा है। नगरनिगम के नेता प्रतिपक्ष रवि राय वार्ड से पार्षद हैं। वह कांग्रेस से आते हैं।
नाली की नहीं हो रही सफाई
ऐसी ही स्थिति क्षीरसागर क्षेत्र में महामालव औचित्य ब्राह्माण धर्मशाला के पास की है। यहां भी नाली की सफाई नहीं हो रही है। यह नाली वार्ड 24 में आती है और यहां से सुशील श्रीवास पार्षद हैं। वह भाजपा से आते हैं।
इंद्रालय हाइलैंडस में बंद है स्ट्रीट लाइट
उज्जैन-इंदौर मार्ग पर स्थित इंद्रालय हाइलैंडस के थर्ड फेज में स्ट्रीट लाइट बंद है। करीब २ महीने से बंद लाइट को अब तक नहीं सुधारा गया है। कॉलोनी के आसपास खुला इलाका है, सामने की सड़क पार करने के बाद शिप्रा नदी बहती है। यहां जहरीले जानवर घूमते रहते हैं,ऐसे में हादसे की आशंका बनी हुई है। रहवासी मुमताज जैदी कहती हैं कि शिकायत कर-करके परेशान हो गए लेकिन सुनवाई नहीं हुई। यह कॉलोनी वार्ड 48 में आती है। यहां की पार्षद अंशु गोपाल अग्रवाल हैं। वह भाजपा से आती है।
महाकाल घाटी नाली साफ की, और कचरा वहीं छोड़ा
महाकाल मंदिर के पास स्थित महाकाल घाटी (पूर्व विधायक डॉ. बटुकशंकर जोशी के पैतृक निवास) के सामने नाली तो साफ कर दी गई, लेकिन कचरा यूं ही छोड़ दिया गया। हरमनसिंह कहते हैं कि कचरा छोड़ देने से सफाई का कोई मतलब ही नहीं रहता।
अपने वार्ड की समस्या हमें भेजें
अगर आप भी अपने वार्ड में सड़क, गंदगी, कीचड़, पानी, बिजली की समस्या का सामना कर रहे हैं तो अपनी समस्या हमें भेजिए। इसे हम जिम्मेदारों तक पहुंचाएंगे। सूचना हमें मोबाइल नंबर 9826311828 पर दे सकते हैं।









