Advertisement

सी-21 मॉल में धोखाधड़ी: मैनेजर ने 10 लाख के जूते-कपड़े बेचकर रकम हड़पी

बिना बिल के बेचा सामान, ग्राहकों से अपने खाते में ट्रांसफर कराए पैसे… आरोपी को दबोचने बिहार रवाना हुई पुलिस

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। शहर के मशहूर विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित सी-21 मॉल से जालसाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एसिक्स शोरूम के शातिर स्टोर मैनेजर ने कंपनी को करीब 10 लाख रुपए का चूना लगा दिया। आरोपी ने शोरूम का कीमती सामान बिना बिल के ही बेच डाला और चालाकी से ग्राहकों के पैसे कंपनी के खाते में जमा कराने के बजाय अपने पर्सनल बैंक अकाउंट में मंगवा लिए। कंपनी मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, सुयश विहार कॉलोनी निवासी कंपनी मैनेजर सितलेश यादव की शिकायत पर आरोपी रोशन कुमार यादव के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

रोशन मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। वह जून 2024 से इस शोरूम में बतौर स्टोर मैनेजर काम कर रहा था और 13 सितंबर 2025 को अचानक नौकरी छोड़कर गायब हो गया। उसके जाने के बाद जब उसका मोबाइल बंद आने लगा, तो कंपनी को शक हुआ। इसके बाद जब शोरूम के स्टॉक की बारीकी से जांच कराई गई, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। स्टॉक से 65 जोड़ी महंगे जूते, 40 कपड़े और 38 एक्सेसरीज गायब थीं, जिनकी कुल कीमत 9.93 लाख रुपए है।

Advertisement

कर्मचारियों ने उगला सच

जब पुलिस और कंपनी ने शोरूम के अन्य कर्मचारियों… श्वेता, राहुल, दुर्गेश, पंकज और हेमंत से सख्ती से पूछताछ की, तो रोशन की पूरी करतूत सामने आ गई। कर्मचारियों ने बताया कि रोशन अक्सर ग्राहकों को झांसे में लेकर कंपनी के ऑफिशियल क्यूआर कोड या अकाउंट के बजाय अपने खुद के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करवाता था। विजयनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे दबोचने के लिए पुलिस की एक टीम को बिहार रवाना कर दिया गया है, वहीं इस हाई-प्रोफाइल मॉल फ्रॉड के बाद शहर के अन्य शोरूम मालिक भी अपने स्टाफ को लेकर सतर्क हो गए हैं।

Advertisement

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें