लिंक दबाते ही मोबाइल हुआ हैंग, 46 हजार खाते से उड़ गए

पुलिस ने ऑनलाइन ठगी का केस दर्ज किया
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। ढांचा भवन में रहने वाले युवक ने अपने मोबाइल पर आई लिंक को टच किया वैसे ही उसका मोबाइल हैंग हो गया। उसने दुकान पर मोबाइल ठीक कराया तो पता चला कि खाते से 46 हजार रुपये निकल गये हैं। चिमनगंज थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि वीरेन्द्र सिंह ठाकुर पिता भगवान सिंह निवासी सांदीपनि नगर ढांचा भवन सांची पाइंट संचालित करता है। 13 जुलाई को उसके मोबाइल पर अनजान लिंक आई। उसने जैसे ही लिंक को क्लिक किया मोबाइल हैंग होकर बंद हो गया। वीरेन्द्र ने दुकान पर मोबाइल रिपेयर कराया और चैक किया तो पता चला कि उसके खाते से 46000 रुपये निकल चुके हैं। उसने 1930 पर इसकी सूचना देकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
धक्का लगने पर युवक को घेरकर पीटा
उज्जैन। दानिश पिता करीम खान निवासी कसाईवाड़ा की रिपोर्ट पर चिमनगंज थाना पुलिस ने साहिल, अमन, फरदीन के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने बताया कि दानिश का पूर्व में धक्का लगने की बात को लेकर आरोपियों से विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर रविवार रात सोलह सागर ईदगाह के पास आरोपियों ने उसे रोका व साथी अयान के साथ मारपीट की।
मारपीट-उज्जैन। सुजल वर्मा पिता जीवन वर्मा निवासी बंजारा बस्ती उण्डासा ने रिश्तेदार रवि वर्मा पिता नंदकिशोर, विजय पिता मुकेश और अजय के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट चिमनगंज थाने में दर्ज कराई।
शराब के रुपये नहीं देने पर चाकू मारे
उज्जैन। कुशलपुरा में देर रात तीन बदमाशों ने एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया। कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि नरेश पिता मनोज राव पाटिल निवासी कुशलपुरा के पास बीती रात 12.40 बजे लालू यादव, कृष्णा व चीकू पहुंचे। उन्होंने नरेश से शराब पीने के लिये दो हजार रुपये मांगे। रुपये देने से इंकार किया तो बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। इसी तरह प्रदीप यादव पिता देवीचरण यादवनिवासी नेहरू नगर नागझिरी के साथ फोन लगाने की बात को लेकर बदमाशों ने मारपीट की।
बदमाशों का पुलिस ने निकाला जुलूस
उज्जैन। पीएम आवास योजना के तहत बन रही मंछामन मल्टी ठेकेदार ठेकेदार नंदेश्वर पिता हरिदास बर्मन निवासी विद्याधर नगर जयपुर हाल मुकाम मंछामन कॉलोनी से हफ्ता मांगने और पथराव कर गाडिय़ां तोडऩे के आरोपियों को रविवार को पुलिस ने पकड़ लिया। वारदात में शामिल 4 बदमाशों का क्षेत्र में जुलूस निकाला। इनमें से दो नाबालिग हैं।
61 ग्राम एमडी के साथ तस्कर पकड़ाया
उज्जैन। कानीपुरा रोड से पुलिस ने एक ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार कर 61 ग्राम एमडी जब्त की है।
टीआई विवेक कनोडिया ने बताया कि कानीपुरा रोड से विराटनगर निवासी अयाज पिता एजाज (24) को पकड़ा गया। उसके ड्रग्स तस्करी की जानकारी मिली थी। तलाशी में उससे 61 ग्राम एमडी बरामद हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में अयाज ने एमडी सप्लाय करने की बात कबूली है। वह ड्रग्स कहां से लाया था और किसे देने जा रहा था इस संबंध में पूछताछ जारी है।
कार ने टक्कर मारी महिला की मौत
उज्जैन। चंदेसरी-जमालपुरा के बीच अज्ञात कार चालक ने बीती शाम बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मृत्यु हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक घायल हो गया। मूंजाखेड़ी की कृष्णाबाई पति रमेश (58) रविवार शाम भतीजे संजय के साथ बाइक पर सवार होकर जमालपुरा में रहने वाली बहन गेनाबाई से मिलने जा रही थी। शाम करीब 7.30 बजे चंदेसरी-तपोभूमि मार्ग पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। कृष्णाबाई की मृत्यु हो गई जबकि संजय को मामूली चोट आईं।









