Advertisement

आंगनवाड़ी से लौटते समय दो मासूम नाले में डूबे

शिलपुरी गांव की घटना, शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने शुरू की थी तलाश

Advertisement

जबलपुर। जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र के शिलपुरी गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसे में आंगनवाड़ी से घर लौट रहे दो पांच वर्षीय मासूमों की नाले में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे घर जाने के बजाय गांव के बाहर स्थित एक बड़े नाले में नहाने चले गए, जहां गहरे पानी में चले जाने से उनकी जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे दोपहर करीब 3 बजे आंगनबाड़ी से निकले थे। रास्ते में वे गांव के बाहर स्थित नाले पहुंच गए और नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
शाम करीब 5 बजे तक जब दोनों बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सबसे पहले आंगनबाड़ी पहुंचकर जानकारी ली, लेकिन वहां से कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच गांव के कुछ बच्चों ने बताया कि दोनों को नाले की ओर जाते देखा था।

Advertisement

नाले के किनारे पर मिली चप्पल व कपड़े
परिजन और ग्रामीण जब नाले पहुंचे तो किनारे पर बच्चों के कपड़े और चप्पल रखे मिले। इससे आशंका हुई कि दोनों पानी में डूब गए हैं। सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से नाले में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
करीब शाम 6 बजे दोनों बच्चों के शव नाले के भीतर झाडिय़ों में फंसे मिले। उन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

परिजन का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में शोक
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे शिलपुरी गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Advertisement

एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और तालाब के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें