बर्तन व्यापारी से ऑनलाइन बिजनेस के नाम पर 5.60 लाख की धोखाधड़ी

शिकायत के बाद रुपए वापस आए, मोबाइल हैक कर 41 हजार उड़ाए
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पटनी बाजार में बर्तन की दुकान संचालित करने वाले व्यापारी ने ऑनलाइन बिजनेस शुरू किया। उसे कंपनी से 5.60 लाख रुपए लेना थे। शंका होने पर व्यापारी ने 1930 पर धोखाधड़ी की शिकायत कर दी। खाराकुआं थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की वहीं दूसरी ओर व्यापारी के शेष रुपए कंपनी ने लौटा दिए। ऐसे ही एक मामले में स्क्रैप व्यापारी का मोबाइल हैक कर 41 हजार रुपए की धोखाधड़ी हुई। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
महेश पिता मन्नालाल कसेरा निवासी पटनी बाजार बर्तन व्यापारी हैं। उन्होंने ई कॉमर्स कंपनी के साथ ऑनलाइन बिजनेस शुरू किया। कसेरा को कंपनी से 5 लाख 60 हजार रुपए लेना थे। रुपए देने में कंपनी द्वारा आनाकानी करने पर उन्हें धोखाधड़ी की शंका हुई तो हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत कर दी। मामले में 11 अगस्त को खाराकुआं थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली। कसेरा ने बताया कि कंपनी द्वारा रुपयों का भुगतान कर दिया गया है। अब थाने पहुंचकर शिकायत वापस लेंगे।
नीलगंगा थाना पुलिस ने बताया कि नरेन्द्र अखंड पिता चंदूलाल निवासी विष्णुपुरा स्क्रैप व्यापारी हैं। 30 जुलाई को उनके मोबाइल के गूगल पे पर 8000 रुपए रिसीव करने का मैसेज आया। जब उन्होंने मैसेज खोलकर देखा तो मोबाइल हैक हो गया। ऑनलाइन ठगी करने वालों ने उनके खाते से तीन किस्तों में १५, 10 और 16 हजार रुपए निकाल लिये। उन्होंने धोखाधड़ी की रिपोर्ट नीलगंगा थाने में दर्ज कराई।









