आगर रोड पर एलिवेटेड ब्रिज का काम शुरू

चरक अस्पताल के सामने बैरिकेडिंग की, सेंटर लाइट पोल हटाने में जुटा प्रशासन
उज्जैन। मकोडिया आम से इंदौर गेट तक बनने वाले ऐलिवेटेड ब्रिज बनाने के लिए तैयारी शुरू हो गई है। पिलर का काम सबसे पहले चरक अस्पताल के यहां से शुरू होगा।
ब्रिज बनाने का काम रवि इंफ्रा कर रही है। बुधवार रात को चरक अस्पताल के पास तिराहे पर बैरिकेडिंग कर साइट तैयार कर ली गई। अब यहां गड्ढे खोदकर पिलर बनाए जाएंगे। गुरुवार सुबह यहां लगी अस्थाई दुकानें और ठेले वालों को नगर निगम ने हटा दिया। इसके बाद सेंटर लाइट पोल हटाने का काम शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, इस पूरे एलिवेटेड ब्रिज प्रोजेक्ट के तहत करीब 60 पिलर बनाए जाने हैं। चूंकि चरक अस्पताल के पास टर्न वाले स्थान पर काम करने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध है, इसलिए टीम ने यहीं से कार्य की शुरुआत करने की योजना बनाई है। लगभग 330 करोड़ रुपए की लागत वाले इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को सिंहस्थ से पहले पूरा करना प्रशासन और निर्माण एजेंसी के लिए एक बड़ी चुनौती रहेगा, क्योंकि अब समय बहुत कम बचा है। इसे देखते हुए निर्माण एजेंसी को दिन-रात तेजी से काम करना होगा, तभी तय डेडलाइन के भीतर प्रोजेक्ट के पूरा होने की संभावना बन सकेगी।









