मासूम बोला- पापा ने मां को चाकू मारे, बहन को भी तालाब में फेंका

इंदौर। पापा ने मां को चाकू मारे, मां खून से लथपथ तड़पती रहीं, फिर पापा ने मम्मी का गला घोंट दिया। इसके बाद मुझे और मेरी बहन को तालाब में फेंक दिया। मैं बच गया, लेकिन मेरी बहन नहीं बच सकी… पापा ने उसे भी पानी में डुबोकर मार डाला। ये बातें इंदौर के कनाडिय़ा के झलारिया निवासी 8 साल के अजय ने कही हैं।
अजय की मां अनीता बाई (32) और बहन माही (10) की हत्या हो चुकी है। अनीता के मायके पक्ष ने भी सुनील पर लंबे समय से पीटने, परेशान करने और प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। अनीता के पिता सुखराम ने बताया- करीब 10 साल पहले भी मारपीट की थी। सुनील के खिलाफ करीब 5-10 साल पहले पुलिस में शिकायत की गई थी। अनीता और सुनील के बीच विवाद नया नहीं था। मारपीट की घटनाएं पहले भी होती रही थीं।
चरित्र के आरोपों को गलत बताया
सुनील की रिश्तेदार मालती कौशल ने पत्नी अनीता के चरित्र पर लगाए जा रहे आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि अनीता का व्यवहार अच्छा था। उन्होंने कभी उसके चरित्र को लेकर ऐसी कोई बात नहीं देखी। सुनील उनका भाई है, लेकिन दोनों परिवार अलग रहते थे। मालती ने बताया कि हमारा ज्यादा आना-जाना नहीं था, इसलिए घटना के पूरे घटनाक्रम की उन्हें जानकारी नहीं है। बच्चों की हत्या की वजह पर उन्होंने कहा कि जब सुनील पत्नी की हत्या के मामले में झूठ बोल रहा है तो बच्चों के मामले में क्या कहा जा सकता है।









