मेला ग्राउंड में सो रहे होटल श्रमिक पर बस चढ़ी

रिवर्स करते वक्त हुआ हादसा, बस को चंदेसरा से पुलिस
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। गुरुवार रात कार्तिक मेला ग्राउंड में सो रहे मजदूर पर रिवर्स करते समय एक बस चढ़ गई। घटना के बाद ड्राइवर मौके से बस लेकर भाग गया। पुलिस ने पीछा कर देवास रोड स्थित चंदेसरा के के पास बस जब्त कर ली, लेकिन ड्राइवर मौके से भाग निकला।
महाकाल पुलिस ने बताया कि मुरैना का पारस बघेल श्रीगंगा होटल में कर्मचारी है। गुरुवार रात कार्तिक मेला ग्राउंड में वह सो रहा था, इसी वक्त उसके साथ यह हादसा हुआ। बस क्रमांक एमपी 41 पी 8988 के ड्राइवर ने वाहन को रिवर्स लिया तो उसने यह ध्यान ही नहीं रखा कि पारस सो रहा है। ऐसे में बस का पहिया पारस की कमर के ऊपर से गुजर गया। उसकी चीख सुनकर ड्राइवर ने बस आगे की ओर ले ली और दौड़ा दी। इस बीच गंभीर घायल पारस को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
घटना के बाद घायल को मौके पर ही छोड़कर बस लेकर भागा ड्राइवर देवास रोड तक चला आया। वायरलैस सेट पर चले मैसेज के बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर रखी थी। चंदेसरा के पास बस को रुकवाया। क्लीनर व एक अन्य को पकड़कर बस जब्त कर ली। लेकिन इसी बीच ड्राइवर भाग निकला। पुलिस का कहना है कि पारस की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके परिजन से संपर्क का प्रयास किया जा रहा है।









