गैरेज से चुराते थे वाहन, फिर करते थे सिगरेट चोरी

दो आरोपी गिरफ्तार, मंदसौर, वलसाड़ और पुणे में दर्ज हैं वाहन चोरी के मुकदमे
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। राजस्थान के एक युवक ने मुंबई में रहने वाले एक दोस्त के साथ चोर गिरोह बना लिया। दोनों गैरेज से वाहन चुराते, फिर इस वाहन के जरिये गोदाम में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों ने दशहरा मैदान के सिगरेट गोदाम से 15 लाख कीमत की सिगरेट चुराई थी। ब्रांडेड सिगरेट को ठिकाने लगाने से पहले यह दबोच लिए गए। आरोपियों से 1.35 लाख रुपए नकद और दो वाहन बरामद किए गए हैं।
दरअसल, सिगरेट के थोक व्यापारी सौरभ माहेश्वरी ने 7 जून को माधवनगर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके मुताबिक दशहरा मैदान में नेहरू पार्क के सामने माहेश्वरी मार्केटिंग परिसर स्थित आईटीसी कंपनी के गोदाम में सिगरेट चोरी की वारदात हुई है। अज्ञात बदमाश गोदाम गेट का ताला तोड़कर आईटीसी कंपनी के अलग-अलग ब्रांड की लगभग 25-26 बॉक्स सिगरेट ले गए हैं।
सीसीटीवी से मिला सुराग: पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज क चैक किए तो घटना वाले दिन महिंद्रा एक्सयूवी-500 ( एमपी13 सीसी 0355 ) और एक अन्य महिंद्रा एक्सयूवी-300 संदिग्ध हालत में दिखी। पहला वाहन नागझिरी क्षेत्र के एक गैरेज से और दूसरा मंदसौर के दलौदा से चोरी हुआ था। इन वाहनों की लोकेशन राजस्थान के भीलवाड़ा एवं चित्तौडग़ढ़ तरफ जाने की मिली थी।
पाली से पकड़ा मुख्य आरोपी को: वाहनों का पीछा करते हुए राजस्थान के पाली पहुंची पुलिस टीम ने यहां की इंदिरा कॉलोनी विस्तार से 32 साल के रामपाल उर्फ रामा पिता हरिराम चौधरी को पकड़ा तो उसने वारदात कबूल कर ली। रामा ने बताया कि उसने मुंबई के गोवंडी में रहने वाले रेहान उर्फ राजा ठाकुर, उर्फ राजू मराठे उर्फ संतोष भैया, उर्फ मुकेश चौारी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों की दोस्ती महाराष्ट्र में हुई थी। रामा पाली के साथ पुणे के हडपसर के जरामालानगर स्थित साईकृपा बिल्डिंग में भी रहता है।
आरोपियों से 1.35 लाख रुपए नगद,सोनेट कार क्रमांक (एमएच 12 डब्ल्यूजेड 7053) जब्त की गई। आईटीसी कंपनी की विभिन्न ब्रांड की 15 लाख कीमत की सिगरेट भी बरामद की गई।
यूं करते थे वारदात
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि आरोपी गैरेज से वाहन चुराते थे। यहां चोरी करना आसान काम होता है, क्योंकि वाहन की चाबी गैरेज में ही होती है। इन वाहनों के जरिये यह गोदाम तक पहुंचते थे। गोदाम का ताला तोड़कर ब्रांडेट सिगरेट चुरा लेते थे। आरोपियों से अन्य वारदात का पता भी लगाया जा रहा है।
वाहन चोरी का रिकॉर्ड मिला
आरोपियों का वाहन चोरी का रिकॉर्ड मिला है। इन्होंने उज्जैन के नागझिरी, मंदसौर के दलौदा, वलसाड के उमरगांव और पुणे में वाहन चोरी किए हैं। इनके खिलाफ कर्नाटक के विजयपुर जिले के आदर्श नगर थाने में सिगरेट चोरी की एफआईआर दर्ज है।









