‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में बोले PM मोदी

नशा-मुक्त युवा अभियान पर दिया जोर
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने ‘नशा-मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान, महिला सशक्तीकरण, स्वच्छता, अंतरिक्ष क्षेत्र और ‘हर घर तिरंगा’ जैसे विषयों पर बात की। कार्यक्रम का प्रसारण 30 अगस्त को सुबह 11 बजे हुआ।
नशा-मुक्त भारत के लिए युवाओं से जुड़ने की अपील
पीएम मोदी ने कहा कि ‘नशा-मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं और समाज के सभी वर्गों से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की। प्रधानमंत्री ने युवाओं और रचनाकारों से नशा-मुक्त जीवन का संदेश देने वाले गीत, नाटक और अन्य सामग्री तैयार करने का भी आह्वान किया।
पीएम स्वनिधि से महिलाओं को मिल रही ताकत
प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि योजना से बड़ी संख्या में महिलाओं को अपने छोटे कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का कारोबार बढ़ने से पूरे परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है।
मिशन शक्तिSAT की भी चर्चा
पीएम मोदी ने अंतरिक्ष क्षेत्र में बेटियों की भागीदारी का जिक्र करते हुए मिशन शक्तिSAT की चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस पहल के जरिए 108 देशों की करीब 12 हजार छात्राओं को उपग्रह तकनीक और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने अगस्त में देशभर में दिखाई दिए राष्ट्रभक्ति के माहौल का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस साल 8 करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्फी अपलोड की गईं। ‘सूर्यपथ तिरंगा’ पहल के तहत फिजी से लेकर एशिया, अफ्रीका, यूरोप और अमेरिका तक भारतीय मिशनों में तिरंगा फहराया गया।
इतिहास को समझने वाली वेबसाइट की सराहना
पीएम मोदी ने मुंबई के कृष्ण शेषाद्रि की ‘भारत राज्य’ वेबसाइट का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वेबसाइट पर किसी भी वर्ष का चयन करके यह जाना जा सकता है कि उस समय भारत के अलग-अलग हिस्सों में कौन-से शासक सत्ता में थे। प्रधानमंत्री ने इसे इतिहास को रोचक तरीके से समझने की उपयोगी पहल बताया।









