टीआई दिलीप पुरी के गांव में छाया मातम बहन बोलीं- भाई के हत्यारों को फांसी दो

देवास/खातेगांव/धार। खातेगांव टीआई दिलीप पुरी की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। भाई को खोने के गम में डूबी बहन दीपिका गोस्वामी ने आरोपियों को फांसी देने और उनके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की है। परिवार ने घटना को साजिश बताते हुए सीबीआई जांच की मांग उठाई है। इधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुरी की पत्नी को एसआई पद और परिवार को एक करोड़ रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। पुलिस ने शराब तस्करी नेटवर्क की जांच तेज कर दी है। मामले में कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी को एसआई पद और परिवार को एक करोड़ की सहायता देगी सरकार
डीजी बोले- शराब तस्करी नेटवर्क की जड़ तक पहुंचेंगे कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल गिरफ्तार
अक्षरविश्व न्यूज खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत के बाद परिवार और पैतृक गांव धार जिले के बरमंडल में शोक का माहौल है। रविवार रात इंदौर-बैतूल हाईवे पर शराब तस्करों को रोकने के दौरान ट्रक चालक ने उन्हें कुचल दिया था। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने करीब दो घंटे तक सीपीआर देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
सोमवार को उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर पैतृक गांव बरमंडल पहुंचा। यहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले खातेगांव थाने में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान परिवार और पुलिसकर्मियों की आंखें नम हो गईं। दिलीप पुरी की मौत के बाद परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। परिवार ने आशंका जताई है कि यह महज हादसा नहीं, बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या हो सकती है।
बहन बोलीं- हादसा होता तो दूसरे लोग भी घायल होते
दिलीप की बहन दीपिका गोस्वामी भाई को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि परिवार में तीन बहनें और दो भाई हैं। नवरात्र के दौरान दोनों भाई घर आए थे। दिलीप ने माता का पूजन किया और अगले दिन ड्यूटी पर लौट गए। उन्हें नहीं पता था कि भाई से यह आखिरी मुलाकात होगी। दीपिका ने मांग की कि भाई की हत्या के जिम्मेदार आरोपी को फांसी की सजा दी जाए और उसके घर पर बुलडोजर चलाया जाए। उन्होंने घटना को हादसा मानने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि यह दुर्घटना होती तो अन्य लोगों को भी चोट लगती या नुकसान होता। उन्होंने मामले में शामिल माफिया और अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
सीएम ने जताया दु:ख, सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर दु:ख जताते हुए टीआई दिलीप पुरी के परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके तहत उनकी पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति के तहत सब इंस्पेक्टर पद दिया जाएगा। वहीं, परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।
30 फीसदी हिस्सेदारी होने की बात कबूली
टीआई दिलीप पुरी की मौत के मामले में कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल को सोमवार देर रात इंदौर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। वह दिल्ली से लौट रहे थे। गिरफ्तारी के बाद उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने शराब कारोबार में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी होने की बात कही है। इससे पहले वह शराब ठेके से संबंध होने से इनकार कर चुके थे।
शराब तस्करी की जड़ तक पहुंचेंगे : डीजी
सोमवार को पुलिस महानिदेशक (डीजी) उपेंद्र जैन घटनास्थल पहुंचे। उनके साथ एडीजी राकेश गुप्ता और डीआईजी नवनीत भसीन भी मौजूद रहे। डीजी ने जांच की जानकारी लेते हुए कहा कि पुलिस ने शराब तस्करी नेटवर्क की पहचान कर ली है। उन्होंने बताया कि शराब कहां से आई, कहां जा रही थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी कडिय़ां सामने आ चुकी हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई करेगी। मामले की जांच में एक और अहम जानकारी सामने आई है। खातेगांव में पकड़ी गई शराब के बैच नंबर की शराब टिमरनी की दुकान में भी मिली है। पुलिस अब शराब की सप्लाई और उससे जुड़े लोगों के नेटवर्क की जांच कर रही है।









