जिस जगह मित्तल की हत्या की थी वहीं बदमाशों को मिला पुलिस का ‘प्रसाद’

आरोपियों का निकाला जुलूस, घटनास्थल पर पुलिस ने कराई तस्दीक
उज्जैन। दमदमा इलाके में सनसनीखेज यश मित्तल हत्याकांड मामले में पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को शनिवार को वारदात का मौका मुआयना कराया। गुण्डागिर्दी पर मौके पर ही आरोपियों को पुलिस ने ‘प्रसाद’ भी दिया और जुलूस निकाला।
पुलिस के मुताबिक, बीच सड़क पर रास्ता रोककर शराब पी रहे बदमाशों से गाड़ी हटाने के लिए हॉर्न बजाने पर यह खूनी विवाद हुआ था। आरोपियों ने पहले ऋषि नगर निवासी यश मित्तल (ट्रैक्टर शोरूम संचालक) की गाड़ी में तोडफ़ोड़ की और फिर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। दोस्तों को भी चाकू से हमला कर घायल कर दिया था। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
शनिवार को पुलिस सुरक्षा के बीच पकड़े गए आरोपियों को दमदमा घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां उन्होंने पुलिस के सामने पूरे घटनाक्रम को दोहराया। माधव नगर थाना पुलिस का कहना है कि फरार चल रहे तीनों आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे या परदे के पीछे किनकी मदद ली गई थी। पुलिस जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।









