Advertisement

भगवान महाकाल से मिलने पहुंचे जाहरवीर गोगादेव…

श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम में देशभर से पहुंचे गोगादेवजी के निशान

Advertisement

धूमधाम से मनाया भुजरिया पर्व : छडिय़ों का 7 किमी लंबा चल समारोह निकला

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम में शनिवार को भुजरिया महापर्व उत्साह से मना। भगवान जाहरवीर गोगादेवजी की छडिय़ों (निशान) के दो दिवसीय मेले का शुभारंभ हुआ। मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से गोगादेवजी के निशान लेकर श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे। शाम को राज्यसभा सांसद एवं श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम के पीठाधीश्वर राष्ट्रीय संत बालयोगी उमेशनाथ महाराज समाधि वाले बाबा और धुने वाले बाबा का पूजन कर जाहरवीर गोगादेवजी का चित्र एवं रोट प्रसाद लेकर कारकेट के साथ श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां भगवान महाकाल और जाहरवीर गोगादेवजी का मिलन कराया गया। देशभर से पहुंचे सभी निशान श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में एकत्र हुए, जहां उनका पूजन-अर्चन किया गया।

Advertisement

शाम करीब 7 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर से जाहरवीर गोगादेवजी के निशान की शोभायात्रा शुरू हुई। बैंड-बाजे, ढोल-ढमाकों और धार्मिक जयघोष के बीच निकले चल समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा महाकालेश्वर मंदिर से शुरू होकर पटनी बाजार, गोपाल मंदिर, ढाबा रोड, दानी गेट, अनंतपेठ, जूना सोमरिया, गोंसा दरवाजा, वाल्मीकि चौराहा और बडऩगर रिंग रोड होते हुए श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम पहुंची।

भुजरिया महापर्व और मेले में शामिल होने के लिए मध्यप्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान सहित कई राज्यों के अलग-अलग जिलों, शहरों और कस्बों से गोगादेवजी के निशान, अखाड़े, गायन दल, संतगण, सत्संगी और श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे। करीब 7 किलोमीटर लंबे शोभायात्रा मार्ग पर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, खेल और राजनीतिक संगठनों की ओर से मंच लगाए गए। यहां गोगादेवजी के निशानों का पूजन-अर्चन किया गया और भगत, उस्ताद एवं खलीफाओं का सम्मान किया गया।

Advertisement

वाल्मीकि धाम पर मेले में बदला चल समारोह
शोभायात्रा जब श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम पहुंची तो पूरा परिसर मेले में तब्दील हो गया। धाम में देर रात तक उत्सव का माहौल बना रहा। आश्रम परिसर में रातभर गोगा-गायन हुआ। भजन, गायन और धार्मिक कार्यक्रमों के बीच श्रद्धालुओं ने जाहरवीर गोगादेवजी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

संतों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

शोभायात्रा के शुभारंभ पर महापौर मुकेश टटवाल, जिला प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, डॉ. चिंतामणि मालवीय, सतीश मालवीय, डॉ. तेज बहादुरसिंह चौहान और जितेंद्र उदयसिंह पंड्या, नगर निगम सभापति कलावती यादव, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद थे। संतों में पीर महंत रामनाथ, रंगनाथाचार्य, स्वामी आनंद जीवनदास, महामंडलेश्वर श्री शैलेषानंद, महामंडलेश्वर स्वामी शांतिस्वरूपानंद, महंत रामेश्वरदास महाराज, प्रणयवपुरी, महंत विनीत गिरी , महंत श्यामागिरी (राधे-राधे बाबा), शुलभ शांतु गुरु, साध्वी सुगना बाई और महंत मुनिशरण सहित संत समाज की मौजूदगी रही।

नगर निगम ने किया स्वागत
नगर निगम ने गोगादेव जी की छडिय़ों का पटनी बाजार स्थित निगम मंच से स्वागत किया। निगम के सहायक आयुक्त प्रफुल्ल गठरे, पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने संत-महात्माओं का सम्मान किया।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें