बोहरा मस्जिद आसानी से टूटी मुस्लिम पर हुआ बवाल

केडी गेट की कमरूबाग और मदीना मस्जिद पर प्रशासन पहुंचा था कार्रवाई करने
भीड़ पर मामूली लाठीचार्ज, फिलहाल कार्रवाई टली, आज फिर हो सकती है
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मास्टर प्लान के मुताबिक शहर में चौड़ी हो रही सड़कों को लेकर मंगलवार की शाम केडी गेट पर जमकर हंगामा हो गया। यहां दो मस्जिद चौड़ीकरण के दायरे में आ रही थीं, बोहरा मस्जिद का निर्माण तो प्रशासन ने आसानी से हटा दिया लेकिन मुस्लिमों की मदीना मस्जिद को लेकर बवाल खड़ा हो गया। समाजजन का कहना था कि वह मस्जिद की दुकानों को पहले चौड़ीकरण के लिए दे चुका है। ऐसे में अब पांच फीट जगह और क्यों मांगी जा रही है। शाम की नमाज के बाद बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और धरने पर बैठ गए तो कार्रवाई रोकनी पड़ी।
दरअसल, अब तक शहर में चौड़ीकरण का काम इत्मीनान से चल रहा था। करीब-करीब हर रोड से धर्मस्थल हटाए गए और लोगों ने भी स्वेच्छा से अपने आशियाने ढहाए हैं। पर हाल ही में कंठाल चौराहा-छत्रीचौक चौड़ीकरण में धर्मस्थल हटाने को लेकर विवाद शुरू हुए और इसका नतीजा यह रहा कि मंगलवार को राजीनामे से मस्जिद का निर्माण हटाने की कार्रवाई को विरोध का सामना करना पड़ा।
केडीगेट-बड़ा पुल रोड चौड़ीकरण में बोहरा समाज की कमरूबाग और मुस्लिम समाज की मदीना मस्जिद का निर्माण दायरे में आ रहा है। कमरूबाग मस्जिद का निर्माण तो आसानी से दोपहर में ही हटा दिया गया था, दोपहर बाद मदीना मस्जिद का निर्माण हटाने की तैयारी चल रही थी। पोकलेन ने काम भी शुरू कर दिया था, पर अचानक भीड़ एकत्र हो गई और प्रदर्शन करने लगी।
हालांकि इस दौरान भारी पुलिस बंदोबस्त था लेकिन समाजजन कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि रोड के लिए पहले ही दुकानों की जमीन दी जा चुकी है। जमियतुल कस्साबान समाज की इस मस्जिद को बचाने के लिए पोकलेने के आगे समाजजन खड़े हो गए। उन्होंने दो टूक कहा कि ऐसा नहंी चलेगा। हालांकि पोकलेन मस्जिद का काफी हिस्सा हटा चुकी थी।
नमाज पढऩे के लिए एकत्र हुए
लोगों को नमाज पढऩे के लिए मस्जिद से लाउडस्पीकर से संदेश देकर बुलाया गया। इस वजह से भीड़ बढ़ गई। प्रशासन को ऐसे में बवाल की आशंका लगी तो पोकलेन को मौके से हटा दिया गया। केडी गेट पर पोकलेन वापस पहुंची तो लोग मस्जिद के पास ही धरने पर बैठ गए। प्रशासन की तरफ से एसडीएम कोठी महल पवन बारिया बात करने पहुंचे। हालांकि कार्रवाई बुधवार तक रोक दी गई।
कोई मनभेद नहीं है, सब हटा लेंगे
निर्माण हटाने को लेकर कोई मनभेद नहीं है। सब हटाया जाएगा। आपसी बातचीत से हर समस्या का हल निकलता है, इसका भी निकलेगा।
खलीर्कुरहमान, शहर काजी
प्रशासन मस्जिद प्रबंधन के संपर्क में है। वह लोग पूरा सहयोग कर रहे हैं। कुछ बात पर असहमति है, यह दूर कर ली जाएगी। अगर मस्जिद प्रबंधन खुद निर्माण हटा लेता है तो इससे अच्छी बात क्या होगी। प्रशासन उन्हें पूरे संसाधन उपलब्ध कराएगा।
पवन बारिया, एसडीएम कोठी महल
निर्माण हटाने का मसला करीब-करीब सुलझ गया है।
इमरान खान
क्षेत्रीय पार्षद, वार्ड नंबर 1









