अवैध और बगैर अनुमति निर्माण पर होगी कार्रवाई, कॉलोनी सेल की बैठक में फैसला

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर में अवैध कॉलोनियों का निर्माण होने के बाद अब नगरनिगम नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है। अवैध और बगैर अनुमति निर्माण पर निगम अफसरों को कार्रवाई करने के निर्देश महापौर मुकेश टटवाल ने दिए हैं।
टटवाल कॉलोनी सेल और प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा कर रहे थे। उनके साथ विभाग की प्रभारी योगेश्वरी राठौर भी थीं।
क्या तय हुआ बैठक में
अवैध कॉलोनी संचालकों को नोटिस जारी किए जाएंगे।
बगैर अनुमति और अवैध निर्माण पर प्रभावी कार्रवाई होगी।
प्रत्येक जोन में कितने अवैध निर्माण हैं, इनकी जानकारी पेश की जाएगी।
हैंडओवर से पहले कॉलोनी का भौतिक सत्यापन करें। यह देखें कि कॉलोनाइजर ने रोड बनाई है या नहीं? पानी की निकासी की व्यवस्था की है या नहीं ? उद्यान हैं या नहीं? अगर हैं तो उनका रखरखाव हो रहा है या नहीं ? कॉलोनी का नक्शा और उसके रखरखाव की व्यवस्था क्या है?
कॉलोनी में एक बोर्ड लगाया जाए, जिस पर कॉलोनाइजर का नाम और मोबाइल नंबर रहे, ताकि रहवासी संबंधित से संपर्क कर सकें।
गलत नक्शे बनाने वाले कंसल्टेंट को ब्लैकलिस्ट किया जाए।
सूचना प्रौद्योगिकी की बैठक में यह तय हुआ
अटेंडेंस पोर्टल पर 5 हजार कर्मचारी उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं।
स्मार्टफोन नहीं रखने वाले कर्मचारियों के लिए 108 फेस अथेंटिकेशन मशीनें खरीदी गई हैं। इन्हें जल्दी ही जोन एवं वार्ड में लगा दिया जाएगा।
डिपार्टमेंटली पत्राचार अब ई- ऑफिस से हो रहा है।
सुरक्षा की दृष्टि से विभागों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।









