बिन बारिश सड़क पर पानी ही पानी

सात दिन में पीएचई की लाइन फिर फूटी
उज्जैन। कानीपुरा रोड पर सेंटपाल स्कूल के पीछे गुरुवार सुबह सड़क पर बिन बारिश पानी ही पानी हो गया, मानो जमकर बारिश हुई हो। दरअसल, पानी की एक और लाइन फिर फूट गई। सात दिन के अंतराल में यह तीसरा मौका है जब लाइन फूट गई।
कानीपुरा रोड पर एमआर फाइव तिराहा पर लाइन फूटने से यह स्थिति बनी। पीएचई के उपयंत्री अभिषेक रोकड़े ने बताया बाफना पार्क जाने अली 4 इंची डिस्ट्रीब्यूशन लाइन फूटने से रोड पर पानी भर गया। असल में यहां नगर निगम के पार्क की जमीन पर सीवर लाइन का प्लांट डाला गया है, जिस कारण जेसीबी और बड़े डंपर आते जाते हैं।
बुधवार को इसी जगह 350 एमएम की बड़ी लाइन फूट गई थी, जो कानीपुरा की पानी की टंकी को जोड़ती है। कुछ दिन पहले भी इसी जगह लाइन डेमेज हो गई थी। गुरुवार सुबह रोड पर पानी ही पानी भर जाने से लोग परेशान हो गए।









