मावा फर्मों पर छापे, 8 के सैंपल भोपाल जांच के लिए भेजे

उज्जैन। त्योहारी सीजन में प्रशासन ने मावा फर्मों को अपने निशाने पर ले लिया है ताकि मिलावटी मावा बाजार में ही न आए। उन्हेल और नागदा में छापामार कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में मावा, दूध और घी के 8 सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
खाद्य और औषधि सुरक्षा अधिकारी बसंत कुमार शर्मा, बीएस देवलिया, दीपा टटवाड़े और केमिस्ट अशोक चौधरी सहित टीम ने स्पॉट पर ही बॉडुइन टेस्ट किए। हालांकि, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों की वास्तविक स्थिति भोपाल प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने पर ही पता चलेगी।
उन्हेल में उज्जैन रोड पर पगारा स्टैंड स्थित मावा बनाने वाली फर्म जैन ट्रेडिंग कंपनी से मावा के 2 सेंपल लिए। दिदियाखेड़ी स्थित आंजना दूध डेयरी से मावा के 2 और दूध का एक सेंपल लिया। जवाहर मार्ग नागदा पर मावा विक्रेता विनोद कुमार किशनलाल, जवाहर मार्ग नागदा स्थित सांवलिया मावा भंडार से मावे के सेंपल लिए गए। इसी तरह पाल डेयरी, रानी लक्ष्मीबाई मार्ग, नागदा से घी का एक सेंपल लिया है। मंगलवार को टीम ने महिदपुर में जांच की थी।
दूध और घी के भी लिए सेम्पल, उन्हेल और नागदा में कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षण में मावा एवं घी के नमूनों में बॉडुइन टेस्ट करने पर किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट की आशंका सामने आती है, तो नियमानुसार संबंधित स्टॉक जब्त कर उसके विक्रय पर रोक लगाई जा सकती है।
टीम को देख एक्टिवा से भागा, पकड़कर खींचा…
कार्रवाई के दौरान महिदपुर में एक रोचक मामला भी सामने आया, जब टीम जांच करने पहुंची तो एक्टिवा पर एक व्यापारी करीब 7 किलो मावा लेकर जा रहा था। टीम के बीएस देवलिया आदि ने उसे हाथ देकर रोकना चाहा तो वह रुका नहीं और भागने की कोशिश की। इस पर एक टीम सदस्य ने पीछे से पकड़कर खींचा। बाद में पुलिस बुलाई गई और दुकान सील करने तक की चेतावनी दी गई।









