फेस्टिव स्पेशल ट्रेनों में भी नहीं मिल रहे टिकट, मुश्किलें बढ़ी

नई दिल्ली। दिवाली पर घर जाने की जद्दोजहद अभी खत्म भी नहीं हुई है कि छठ के लिए भी नौकरीपेशा से लेकर स्टूडेंट्स की मुश्किलें बढऩे लगी है। यूपी और बिहार जाने वाली ट्रेनों में सीटों की मांग इतनी ज्यादा है कि बुकिंग शुरू होने के कुछ देर बाद ही सीटें भर जा रही है। ऑनलाइन बुकिंग के साथ ही ऑफलाइन टिकट के लिए स्टेशनों पर मारामारी की स्थिति है।
सामान्य ट्रेन तो दूर, फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों में भी बुकिंग शुरू होने के कुछ देर बाद ही सीटें फुल हो जा रही है। दिल्ली-एनसीआर में बड़ी संख्या में यूपी और बिहार के लोग रहते है। दिवाली और छठ पर इनमें से ज्यादातर लोग परिवार के साथ त्योहार मनाने घर लौटना चाहते हैं। रेलवे की एडवांस रिजर्वेशन विंडो सुबह 8 बजे खुलती है। सामान्य ट्रेनों में यात्रा की तारीख से 60 दिन पहले तक टिकट बुक किया जा सकता है।
शनिवार को कई लोगों ने छठ पर जाने के लिए टिकट बुकिंग करने की कोशिश की लेकिन अधिकांश को निराशा मिली। रिर्जेवेशन के ऑफ लाइन सेंटरों पर भी लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। रेलवे सूत्रों का कहना है कि टिकट की मांग को देखते हुए यूपी, बिहार के अलावा मुंबई समेत अन्य रूट पर कई स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया गया है। उम्मीद है कि आने वाले कुछ दिनों में और भी स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया जाएगा।









