Advertisement

दो महीने से चल रही थी घूराघारी, माधव क्लब के बाहर अचानक भिड़े दो कारोबारी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर के प्रतिष्ठित श्री माधव क्लब के बाहर मंगलवार शाम करीब 6.15 बजे कारोबारी चंद्रशेखर श्रीवास (शेखर) और नरेश वासवानी (मोहन वासवानी के बेटे) के बीच लात-घूंसे चल गए। पुरानी रंजिश में दोनों आमने-सामने हुए थे। दोनों पक्षों के बीच सालों से घूराघारी चली रही थी लेकिन दो महीने पहले गोरकर परिवार के उठावने में यह और बढ़ गई थी। श्रीवास एसएन कृष्णा और वासवानी तेजनकर अस्पताल में भर्ती हैं। टीआई तरुण कुरील ने दोनों के बीच झगड़ा होने की पुष्टि की है। हालांकि रिपोर्ट शेखर श्रीवास की तरफ से ही दायर हुई है। क्लब के सचिव कैलाश माहेश्वरी ने कहा कि पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरों की जद में है। सीसीटीवी फुटेज देखकर घटना का पता लगाया जाएगा।

Advertisement

दरअसल, श्रीवास और वासवानी परिवार की लड़ाई पूरे शहर में जगजाहिर है। शांति पैलेस (अब जमींदोज) के पीछे स्थित एक प्लॉट को लेकर इनके बीच लंबे समय तक कानूनी लड़ाई चली और इसमें श्रीवास को भारी हानि उठानी पड़ी। सुप्रीम कोर्ट ने अवैध निर्माण मानते हुए उस समय की शहर की सबसे बेहतरीन होटल शांति पैलेस को जमींदोज करने के आदेश दिए। नगरनिगम ने डिटोनेटर लगाकर करोड़ों की इस इमारत को गिरा दिया। हरिफाटक बायपास पर होटल की जमीन अब खाली है और यहां अस्थायी तौर पर तीन रेस्टोंरेट संचालित हो रहे हैं। दोनों परिवारों के बीच इसे लेकर ठनी हुई है।

मंगलवार को नरेश वासवानी और शेखर श्रीवास का माधव क्लब के पास आमना-सामना हुआ तो पहले घूराघारी हुई और फिर हाथापाई हो गई। दोनों को लोगों ने अलग-अलग किया। श्रीवास नीलगंगा थाने पहुंचे और मारापीटी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्हें चरक अस्पताल में मेडिकल के लिए ले जाया गया। उनके गाल, सिर में चोट आई है। विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे। हालांकि थोड़ी ही देर बाद श्रीवास एसएन कृष्णा अस्पताल की आईसीयू में शिफ्ट हो गए। नरेश वासवानी को भी चोट आई है और वह तेजनकर अस्पताल में भर्ती हंै।

Advertisement

गोरकर परिवार के उठावने में भी विवाद किया था

शां ति पैलेस मामले में लंबे समय से विवाद चल रहा है। कोर्ट के आदेश पर होटल तोड़ी गई। इसे लेकर शेखर रंजिश रखता है। करीब दो महीने पहले भी गोरकर परिवार के उठावने में उसने विवाद की कोशिश की थी। तब लोगों ने समझाया था। नरेश माधव क्लब के पास मंगलवार को किसी से मिलने गया था। यहां शेखर ने उसके साथ मारापीटी की। नरेश के हाथ, सीने में चोट आई है।
मोहन वासवानी (नरेश वासवानी के पिता)

Advertisement

चाकू से गाल पर हमला किया, सिर पर हत्था मारा
पापा क्लब के बाहर आ रहे थे। इस दौरान नरेश ने उन्हें घूरा। उन्होंने कहा तू बार-बार क्यों घूरता है तो उसने चाकू से गाल पर हमला किया। इसका हत्था सिर पर मार दिया।
सुशील श्रीवास
(शेखर श्रीवास के बेटे और पार्षद)

एक पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई है, दूसरे ने नहीं: चंद्रशेखर श्रीवास और नरेश वासवानी के बीच मारापीटी हुई थी। दोनों ही अस्पताल में भर्ती हैं। हालांकि रिपोर्ट चंद्रेशखर श्रीवास ने दर्ज कराई है। दूसरे पक्ष ने नहीं। मामले की जांच कर रहे हैं।
तरुण कुरील
टीआई नीलगंगा

घटना की जानकारी नहीं कैमरे में सब आ गया होगा
घटना की मुझे जानकारी नहीं है। शेखर श्रीवास और मोहन वासवानी दोनों क्लब मेंबर हैं। नरेश के मेंबर होने की पुख्ता जानकारी नहीं है, क्योंकि क्लब में 750 मेंबर हैं। दोनों क्लब आते रहते हैं। अगर मारापीटी की घटना हुई तो वह कैमरों में होगी। परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। फुटेज देखने के बाद ही कुछ कह सकूंगा।
कैलाश माहेश्वरी सचिव श्री माधव क्लब

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें