10 मिनट डिलीवरी ऐप्स पर FSSAI का एक्शन, ग्राहकों पर क्या होगा असर?

अगर आप Amazon, Flipkart, Zepto, Swiggy Instamart या BigBasket से दूध, दही, स्नैक्स और दूसरी खाने-पीने की चीजें मंगाते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। खाद्य पदार्थों की सुरक्षा पर नजर रखने वाली संस्था FSSAI (Food Safety and Standards Authority of India) ने इन पांच बड़े ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़े कुछ मामलों में कार्रवाई शुरू की है। FSSAI को कुछ प्रोडक्ट्स की ऑनलाइन बिक्री और उन पर किए गए दावों को लेकर आपत्ति मिली है। वहीं, एक मामले में धतूरे के फल और बीज ऑनलाइन बेचे जाने की बात भी सामने आई है।
सबसे पहले समझिए पूरा मामला क्या है
FSSAI ने Happilo Premium Date Bites Zesty Orange को लेकर कार्रवाई शुरू की है। संस्था के मुताबिक, इस प्रोडक्ट की पैकेजिंग और लिस्टिंग में किए गए कुछ दावे खाद्य नियमों के अनुरूप नहीं थे और उन्हें भ्रामक माना गया। यह प्रोडक्ट Amazon, Flipkart, Zepto, Swiggy Instamart और BigBasket पर उपलब्ध था। इसी वजह से इन सभी प्लेटफॉर्म से जुड़े मामलों में कार्रवाई शुरू की गई है।
इसके अलावा Milky Mist के कुछ डेयरी प्रोडक्ट्स को लेकर भी FSSAI ने आपत्ति जताई है। इनमें Fresh Low Fat Cream, Farm Fresh Curd और Greek Yoghurt शामिल हैं। इन मामलों में Swiggy Instamart और BigBasket से जुड़े मामलों पर कार्रवाई शुरू हुई है।
धतूरे की ऑनलाइन बिक्री का मामला
इस कार्रवाई में धतूरे के फल और बीज की ऑनलाइन बिक्री का मामला भी सामने आया है। धतूरा खाने की चीज नहीं है और इसके फल और बीज जहरीले माने जाते हैं। FSSAI ने इन्हें प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों की श्रेणी में रखा है। FSSAI के मुताबिक, Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket पर धतूरे के फल और बीज की ऑनलाइन लिस्टिंग और बिक्री से जुड़े मामले सामने आए हैं। इसी को लेकर इन प्लेटफॉर्म के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है।
किस प्लेटफॉर्म पर कौन सा मामला?
मामले को आसान भाषा में समझें तो BigBasket और Swiggy Instamart से जुड़े मामलों में Happilo प्रोडक्ट, Milky Mist के डेयरी प्रोडक्ट्स और धतूरे की ऑनलाइन बिक्री शामिल है। Amazon से जुड़े मामलों में Happilo प्रोडक्ट और धतूरे की बिक्री का मामला सामने आया है। वहीं Flipkart और Zepto से फिलहाल Happilo प्रोडक्ट से जुड़े मामले में कार्रवाई शुरू की गई है।
ऑनलाइन खरीदारी करने वालों के लिए इसका मतलब क्या है?
आज लोग किराने का सामान ही नहीं बल्कि दूध, दही, पनीर, स्नैक्स और दूसरी खाने-पीने की चीजें भी घर बैठे ऑनलाइन मंगा रहे हैं. ऐसे में ग्राहक अक्सर प्रोडक्ट की पैकिंग और ऑनलाइन लिस्टिंग में लिखी जानकारी देखकर ही सामान खरीदता है. FSSAI की इस कार्रवाई से एक बात साफ है कि खाने की चीजों की ऑनलाइन बिक्री करने वाले प्लेटफॉर्म भी नियमों के दायरे में हैं.
हालांकि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि इन कंपनियों पर कितना जुर्माना लगेगा. FSSAI ने फिलहाल दंडात्मक कार्रवाई शुरू करने की बात कही है यानी मामला अभी प्रक्रिया में है और अंतिम फैसला आना बाकी है. साथ ही Happilo और Milky Mist को इस कार्रवाई में आरोपी कंपनी बताने के बजाय संबंधित प्रोडक्ट्स से जुड़े मामले के तौर पर देखना चाहिए.









