महिला मित्र रील बनाती रही तालाब में तैर रहा युवक डूबा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। प्रतिमा विसर्जन के लिए उंडासा तालाब पर गया एक युवक नहाते समय गहरे पानी में चला गया। डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के समय युवक की महिला मित्र उसकी तैरने की रील बना रही थी। वह रील बनाती रही और युवक तालाब में समा गया।
दरअसल, बापूनगर में रहने वाला ३२ साल का गोलू उर्फ सागर कटारिया महिला मित्र दीपमाला के साथ रहता है। शुक्रवार को वह दोस्त अनमोल और दीपमाला के साथ प्रतिमा विसर्जन के लिए उंडासा तालाब पर गया था। प्रतिमा खमाने के बाद सागर नहाने के लिए तालाब में उतर गया। चूंकि उसे तैरना आता था, ऐसे में तैरते हुए वह तालाब के बीच बने एक टापू तक चला गया।
इस दौरान दीपमाला उसकी रील बनाती रही। टापू से लौटते समय अचानक सागर एक ही जगह पर हाथ-पैर मारने लगा। फिर थोड़ी ही देर में वह तालाब में समा गया। उसे डूबते देख महिला मित्र ने शोर मचाया और मदद मांगी। रेस्क्यू टीम ने जब तक उसे बाहर निकाला, मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम किया है।









