शाही मस्जिद के पूर्व सदर ने भड़काया था पत्थरबाजों को

शाही मस्जिद मसला: निचली मंजिल की दुकानें खाली, दूसरी मंजिल तक पहुंचा अब काम, सुबह फिर पहुंचे अधिकारी, अब मजदूर भी लगाए
बलवा, प्रदर्शन, सोशल मीडिया पर भड़काने की हरकत करने वाले 28 के खिलाफ केस दर्ज, डेढ़ दर्जन को किया गिरफ्तार
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन। सोमवार समन्वय से हट रहे शाही मस्जिद के हिस्से की बात को शाही मस्जिद का पूर्व सदर अरशद हुसैन पचा नहीं पाया था। उसने ही पत्थरबाजी के लिए भीड़ को उकसाया था। शहर की शांति और फिजा बिगाडऩे के आरोप में पुलिस ने हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। उसके अन्य साथी भी पकड़ गए है। हुसैन को नागझिरी थाने में हिरासत में रखा गया है। तीन थाना क्षेत्रों (महाकाल, कोतवाली और खाराकुआं) में सोमवार को प्रशासन की तरफ से प्रकरण दर्ज करवाए गए।। अब हालात सामान्य है।
खाराकुआं थाना
स्थान : लोहे की टंकी चौराहा
सोमवार को यहां भीड़ ने बैरिकेडिंग हटाकर शाही मस्जिद तरफ जाने का प्रयास किया था। यहां पथराव हुआ था। खाराकुआं पुलिस ने इस मामले में शाही मस्जिद के पूर्व सदर अरशद हुसैन, इशान खान, तैय्यब मंसूरी, सलमान मंसूरी, कासिम शेख, आशिक, साहिल खान, साबिर शेख, शेख अल्फेज, समीर सरोठी के खिलाफ बीएनएस की धारा 195, 191-2, 223 बी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। इनसभी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
स्थान : अंडागली
पुलिस ने जब टंकी चौराहा से भीड़ को खदेड़ा था तो उपद्रवियों ने अंडागली की ओर से शाही मस्जिद तरफ जाने का प्रयास किया था। इस दौरान उन्होंने पत्थर बाजी भी की थी। इस मामले में खाराकुआं पुलिस ने बिलाल, लालू, सलीम, नदीम, तौफिक, शाकिर, शाहनवाज के खिलाफ बलवा, पत्थरबाजी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। इनमें से कुछ आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
स्थान : खाराकुआं क्षेत्र
पुलिस, प्रशासन, मुस्लिम समाज प्रमुखों ने शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा तोडऩे पर सहमति बनाई और काम शुरू कराया गया, लेकिन कुछ सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स ने एआई जनरेटेड फर्जी पोस्ट वायरल की। खाराकुआं पुलिस ने साजिद खान, इमरान खान, गुलरेज खान, बिल्लू पठान, आरिफ पठान के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया।
थाना प्रभारी भी नहीं बच सके आंसू गैस से

उपद्रवियों और पत्थरबाजों से निपटने के लिए छोड़ी गई आंसू गैस की चपेट में खाराकुंआ थाना प्रभारी लक्ष्मण देवड़ा भी आए। इस वजह से उनकी आंखें लाल हो गईं। हालांकि कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ।
कोतवाली थाना
स्थान : शहरकाजी का मकान, मिर्जा नईमबेग मार्ग
शहरकाजी खलीर्कुरहमान के मिर्जा नईमबेग मार्ग स्थित आवास पर पत्थरबाजी करने वाले अरशद दीवान निवासी मोचीवाड़ा, शाकिर निवासी बेगमबाग, शाकिर उर्फ मामा निवासी आदर्श नगर सहित 25 अन्य के खिलाफ बलवा, पत्थरबाजी की धारा में केस दर्ज किया।
स्थान : तेलीवाड़ा चौराहा
शहरकाजी के घर से खदेड़े जाने के बाद तेलीवाड़ा चौराहा पर पत्थरबाजी करने के मामले में पुलिस ने रेहान निवासी मिल्कीपुरा, शाकिर उर्फ मामा, शाकिब पिता अब्दुल निवासी विवेकानंद कॉलोनी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, पत्थरबाजी, बलवा आदि धाराओं में केस दर्ज किया है।
महाकाल थाना
स्थान : बेगमबाग क्षेत्र
शाही मस्जिद को लेकर फैली अफवाह के बीच बेगमबाग में भी भीड़ एकत्र हुई थी। यहां धारा 163 का उल्लंघन करने पर अब्दुल शाकिर पिता अब्दुल सलाम निवासी अहमद नगर, अल्तमस शेख पिता शेख साबिर निवासी नागझिरी, अरबाज पिता अय्यूब निवासी बेगमबाग, वसीम मंसूरी पिता नईम निवासी यादव कॉलोनी के खिलाफ केस दर्ज किया।
स्थान : हरिफाटक ब्रिज
हरिफाटक ब्रिज के पास भीड़ एकत्र कर नारेबाजी करने और प्रदर्शन करने पर नदीम खान निवासी जामा मस्जिद के पीछे खाराकुआं के खिलाफ सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट वायरल करने पर धारा 196, 353, 223 में केस दर्ज किया है। उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई।
कौन हैं अरशद हुसैन
अरशद हुसैन शाही मस्जिद का संचालन करने वाली कमेटी के पूर्व सदर हैं। चौड़ीकरण मसले में नगरनिगम से मिले नोटिस के बाद वे मीडिया के सामने आए थे। उन्होंने तब मस्जिद का प्रभावित हिस्सा हटाने के संबंध में कई तरह की दलील दी थी। उन्हीं के फैसले के बाद कमेटी ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। हालांकि यहां से फैसला प्रशासन के पक्ष में हो गया था। इसी बीच विवाद चलते मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड ने उन्हें सदर पद से हटा दिया था। उनकी जगह सदर की भूमिका मन्नान रहमानी को सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में ही निगम के साथ समन्वय बनाकर मस्जिद का प्रभावित हिस्सा हटाने का काम किया जा रहा है।
फिलहाल मजदूरों की सराय की जगह बदलकर गोलामंडी की, यहां मिलेंगे
उज्जैन। कंठाल चौराहा-छत्रीचौक रोड चौड़ीकरण के दायरे में आए शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने का काम मंगलवार को भी जारी रहा। तीसरी मंजिल से काम दूसरी मंजिल पर उतर आया है। दुकान की तल मंजिल पर स्थित दुकानों को रात में ही खाली करा लिया गया था। संभवत: इनकी आज तुड़ाई शुरू हो। अफसर सुबह जल्दी एक बार फिर छत्रीचौक पहुंचे और काम शुरू कराया। प्रशासन का पूरा फोकस जल्दी से जल्दी तुड़ाई कराने पर है, क्योंकि यह पूरा इलाका व्यवसायिक है और यहां का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
कलेक्टर रौशनकुमार सिंह, निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कुमट सुबह 8 बजे छत्रीचौक पहुंचे। उन्होंने गोपाल मंदिर तरफ वाले हिस्से में मस्जिद की दुकानें देखीं। मस्जिद कमेटी के लोगों से काम शुरू करने का कहा। सुबह 8.30 बजे से काम फिर से शुरू हुआ।

कारोबारी इलाका प्रभावित, डर के मारे नहीं आ रहे ग्राहक: शाही मस्जिद के आसपास का पूरा इलाका कारोबारी है। तनाव और अप्रिय स्थिति के डर से इन इलाकों में ग्राहक नहीं आ रहे हैं। सराफा, नईपेठ, पटनीबाजार, लखेरवाड़ी, कमरी मार्ग, गोपाल मंदिर, सतीगेट के व्यापारियों का काम करीब-करीब ठप है। यह स्थिति कब तक रहेगी, कहा नहीं जा सकता।
लेबर अड्डे का स्थान बदला मस्जिद मसले के कारण छत्रीचौक चारों तरफ से बंद है। ऐसे में सुबह के समय यहां लगने वाले मजदूरों की सराय (लेबर अड्डा) का स्थान बदल दिया गया है। इन मजदूरों को गोला मंडी की तरफ भेजा गया है।
एक तरफ की मस्जिद की जालियां टूटीं अब मजदूरों से कराया जा रहा काम
सोमवार को मस्जिद की सीमेंटेड जाली समाज के लोगों ने ही लकड़ी से तोड़ी थी। दूसरी मंजिल पर साइड की सड़क तरफ की सारी जालियां टूट गई हैं। मंगलवार को इस काम में मजदूरों को लगाया गया।

ऊपर से मस्जिद तोडऩे के लिए मजदूरों ने मचान बनाना शुरू कर दिया था। दोपहर तक इसके तैयार होने की उम्मीद है।
मलबा उठाने के लिए नगर निगम के वाहन लगा दिए गए हैं।
खड़े हनुमान मंदिर पर आ रहे भक्त
खड़े हनुमान मंदिर पर भी लोगों को आने दिया जा रहा है, पर इनको सिंगल-सिंगल भेजा जा रहा है। वाहनों का प्रवेश बंद है और दर्शनार्थियों से रोक टोक की जा रही है।
कंठाल चौराहा से बैरिकेडिंग
शाही मस्जिद की तरफ जाने वाले सभी रास्ते बैरिकेड्स लगाकर बंद कर दिए हैं। प्रमुख रूप से कंठाल चौराहा से सराफा, कमरी मार्ग, गुदरी चौराहा से गोपाल मंदिर और खाराकुआं तरफ से शाही मस्जिद की तरफ आने वाले रास्ते पर भारी पुलिस बल भी तैनात है।
शांति बनाए रखें नहीं तो सख्त कार्रवाई होगी
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे एआई जनरेटेड रील्स पर ध्यान न दें। मॉनीटरिंग की जा रही है। सोशल मीडिया पर उत्तेजनापूर्ण मैसेज पोस्ट करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो रही है। उच्च न्यायालय में रिट दायर की थी जिसपर प्रशासन के पक्ष में फैसला हुआ है। इसके खिलाफ रिट अपील भी हुई परंतु अभी मौखिक जानकारी के अनुसार रिट अपील का फैसला भी शासन के पक्ष में आया है।
मास्टर प्लान अनुसार काम हो रहा है
निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया मास्टर प्लान के अनुसार सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा है। शाही मस्जिद से सटी दुकानें टूटेंगी। दुकानों का सामान रात को खाली करवा लिया था। मंगलवार सुबह से काम शुरू हो गया है। काम तेजी से हो इसके लिए टीम बढ़ाई जाएगी।









