100 रुपए के टिकट पर 13 स्पॉट दिखा रही इलेक्ट्रिकल एसी उज्जैन दर्शन बस

इलेक्ट्रिक बस में सफर कर आनंदित हुए बाहरी दर्शनार्थी
5 बस कर रहीं मूवमेंट, 15 और चलेंगी, तब इंतजार नहीं करना होगा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। केवल 100 रुपए का टिकट। 27 किलोमीटर लंबा रूट। शहर के 13 प्रमुख मंदिर। अश्विन माह (कुंआर) की तपती गर्मी में एसी की राहत।सुविधाजनक सीटें और चाहे जहां से चढऩे और उतरने की सुविधा।
शासन की उज्जैन दर्शन यात्रा बसें लोगों को अपनी सुविधा की वजह से आकर्षित कर रही हैं। हाल ही में शासन ने उज्जैन दर्शन के लिए यह बसें शुरू की हैं। यूं तो 10 मिडी बसें सुविधा के लिए मिली हैं, लेकिन अभी सिर्फ 5 का ही संचालन किया जा रहा है। अच्छी बात यह है कि हर बस को पर्याप्त यात्री मिल रहे हैं। फिलहाल बस का किराया 100 रुपए रखा गया है।
अक्षरविश्व रिपोर्टर ने उज्जैन दर्शन बस में सफर किया और यात्रियों से बात की।
पहली बार उज्जैन आया बस यात्रा कर अच्छा लगा
पहली बार उज्जैन आया हूं। बस से ही उज्जैन दर्शन कर रहे हैं। अच्छा लग रहा है। मध्यप्रदेश सरकार की सरकारी बस की सुविधा अच्छी है। किराया भी बहुत कम है। यह किफायती सर्विस है।
कृष्णा मिश्रा, प्रयागराज
वाकई सरकारी बस की सुविधा अच्छी है
सरकारी स्तर पर चलाई जा रही उज्जैन दर्शन बस सुविधा अच्छी है। 100 रुपए में 13 स्पॉट तक ले जा रहे हैं। पास भी दिन भर वैलिड है। 100 रुपए में एसी का सफर कराना ही अपने आप में बहुत बड़ी बात है।
पवन कुमार, उदयपुर राजस्थान
सुविधा अच्छी लगी
पहली बार पत्नी के साथ उज्जैन दर्शन करने आया हूं। महाकाल मंदिर के बाद अन्य मंदिर तक जाने के लिए बस का उपयोग कर रहा हूं। एसी बस है। सभी स्पाट पर ले जा रही है। दिनभर के सफर के लिए 100 रुपए का खर्च मामूली बात है।
पुनीत,यात्री
महाकाल लोक के पास से सिद्धनाथ तक जा रहे हैं
उज्जैन दर्शन बस महाकाल लोक के पास से मिल रही हैं। अभी 13 स्पॉट ले जा रहे हैं। दिनभर (सुबह 7 से शाम 7) तक के टिकट की कीमत 100 रुपए है। फुल एसी बसें हैं। इनमें व्हीलचेयर को चढ़ाने की सुविधा भी है।
अभिषेक बरेठा, ड्राइवर









