मोदी से बोले स्मित, मैंने ठान लिया था कि इस विमान में किसी को मरने नहीं दूंगा…

मोदी ने वीडियो कॉल कर हालचाल पूछा
नईदिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयर दुबई के कॉकपिट में सह-पायलट के हमले में घायल कैप्टन स्मित मच्छार से वीडियो कॉल कर उनका हालचाल पूछा। मच्छार ने कॉकपिट में हुई घटना के बारे में बताते हुए कहा कि मैंने ठान लिया था कि इस विमान में किसी की जान नहीं जाने दूंगा।
स्मित मच्छार का अबू धाबी के अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि वह जब भी संकट में होते हैं, तो हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। मच्छार ने कहा कि मैं अपनी जान बचाने के लिए लड़ रहा था, लेकिन मैंने तय कर लिया था किसी को मरने नहीं दूंगा। वह बहुत अहम पल था। मैं आंखें बंद करके भी सोच सकता हूं कि विमान में क्या हो रहा था। उस पल मुझे लगा कि विमान नीचे गिर रहा है। मैं बुरी तरह घायल था, लेकिन मैंने खुद से कहा कि मुझे उठना होगा। उस समय, मैंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने के लिए पूरी ताकत लगाई।
हमले के आरोपी का नाम हमाम अल-हमामी
दुबई, एजेंसी। इजराइल जा रही फ्लाई दुबई की फ्लाइट में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला करने वाले को-पायलट की पहचान हमाम अल-हमामी के तौर पर हुई है। वह ओमान का रहने वाला है। वह लंबे समय तक सीरिया में रहा था, जहां उसके कट्टरपंथी विचारों से प्रभावित होने की बात सामने आई है। जांचकर्ताओं को उसके अलकायदा की विचारधारा से प्रभावित होने के सबूत मिले हैं। अल हमामी विमान को इजराइल में क्रैश कराना चाहता था।









