बदनावर में हादसा : ट्रॉले ने पति-पत्नी, बेटी को कुचला

ढाई घंटे तक जाम में फंसी रही गाडिय़ां
अक्षरविश्व न्यूज बदनावर, धार। धार जिले के बदनावर में तेज रफ्तार ट्रॉले ने बाइक सवार परिवार को रौंद दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 साल की बच्ची गंभीर घायल है।
हादसे से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने लेबड़-नयागांव फोरलेन पर धरना देकर करीब ढाई घंटे तक चक्काजाम किया। एसडीएम के आश्वासन के बाद रास्ता खुला, लेकिन तब तक सड़क पर 2 किमी लंबा जाम लग गया था। घटना लेबड़-नयागांव फोरलेन पर शनिवार सुबह 6:30 बजे की है। बड़ा कठोडिय़ा निवासी राहुल (35), उनकी पत्नी पूजा (30) और दो बेटियां सुमन (13) व शिवानी अपने गांव से खेरवास स्थित खेत पर लहसुन की बोवनी के लिए बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वे पिटगारा चौराहे पर पहुंचे, पेटलावद मार्ग से आ रहे तेज रफ्तार ट्रॉले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।









