अतिथि शिक्षक को पेड़ से बांधकर पीटा, छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप

ग्रामीणों ने शिक्षक पर नाबालिग छात्रा को बहाने से बुलाकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया, शिक्षक ने भी मारपीट की शिकायत की
रतलाम। रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र में अतिथि शिक्षक के साथ ग्रामीणों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। शिक्षक को पेड़ से बांधकर चांटे और रस्सी से पीटने का वीडियो सामने आया है। शिक्षक इस दौरान रोते हुए छोड़ने की गुहार लगाता नजर आया।
घटना 3 अक्टूबर की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो मंगलवार को सामने आया। ग्रामीणों का आरोप है कि अतिथि शिक्षक योगेंद्र जाटव ने एक नाबालिग छात्रा को बहाने से बुलाया और उसे झोपड़ी में ले जाकर छेड़छाड़ की। छात्रा के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा शिक्षक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को ग्रामीणों से छुड़ाया।
योगेंद्र जाटव (21) मूल रूप से मुरैना जिले के शेरपुर गांव का रहने वाला है। वह वर्तमान में रतलाम के खारवाकला में किराये के मकान में रहता है और पास के गांव पिपल्या तुखार स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत है।
शिक्षक ने भी दर्ज कराई शिकायत
मामले में शिक्षक ने भी थाने में मारपीट और धमकी देने की शिकायत की है। उसका कहना है कि 3 अक्टूबर को दोपहर करीब 1.30 बजे वह स्कूल से लंच के दौरान अपनी परिचित लड़की से मिलने गया था। करीब 2.45 बजे खारवा की एक कोठड़ी के पास दो लोगों ने उसे रोक लिया।
शिक्षक के अनुसार, दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए गांव की लड़की से मिलने को लेकर सवाल किया। विरोध करने पर एक व्यक्ति ने लकड़ी और दूसरे ने रस्सी से उसके साथ मारपीट की। उसने आरोप लगाया कि दोनों ने दोबारा गांव की किसी लड़की से मिलने आने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
टीआई बोले- मारपीट करने वालों की पहचान कर रहे
उधर, छात्रा के परिजन की शिकायत पर भी योगेंद्र जाटव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने कहा- वीडियो के आधार पर शिक्षक से मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है।









