पाइप लाइन लीकेज, नलों से काला पानी आया

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। निजातपुरा, इमलीगली व महालक्ष्मी अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के घरों में शुक्रवार को फिर से नलों से गंदा पानी आया। गंदे पानी का कारण पाइप लाइन लीकेज है। इस बार लीकेज सडक़ चौड़ीकरण के काम के दौरान पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण हुआ है।
क्षेत्र में पिछले पांच से छह साल से यह समस्या बनी हुई है। पाइप लाइन बदलने के लिए पार्षद ने अपनी निधि से राशि स्वीकृत कर दी है। समस्या को लेकर क्षेत्रीय सांसद और महापौर भी कई बार दौरा कर चुके हैं परंतु अब तक निराकरण नहीं हो पाया है।
शुक्रवार सुबह 7:30 बजे नल से काला बदबूदार पानी आया। क्षेत्र के लोगों ने शिकायत की तो नगर निगम के अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी अपर आयुक्त डीसी गुप्ता, इंजीनियर शिवम दुबे, झोन-2 के योगेश पटेल ने दौरा किया और शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पार्षद प्रतिनिधि मोहित जायसवाल भी उपस्थित थे। जायसवाल ने बताया इमली गली, बालकनाथजी का अड्डा, निजातपुरा में गंदे पानी की समस्या का निराकरण नहीं हुआ है।
पाइप लाइन जर्जर हो चुकी है और बार-बार लीकेज की समस्या हो रही है। समस्या बनी हुई है। हर बार कारण बदल जाता है। स्थायी समाधान के लिए पाइप लाइन बदलने , बूस्टर पंप लगाने और बोरिंग खनन के लिए राशि स्वीकृत कर दी है परंतु नगर निगम द्वारा काम नहीं किया जा रहा है।








