सिद्ध चक्र महामंडल विधान में उमड़े श्रद्धालु, आज शाम होगी 3 भैयाजी की गोदभराई

लक्ष्मीनगर महावीर दिगंबर जैन मंदिर में धर्मआराधना
उज्जैन। लक्ष्मीनगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में मंगलवार सुबह भक्तिमय माहौल में लोगों ने धर्मआराधना की। अष्टान्हिका महोत्सव के आठ दिवसीय सिद्ध चक्र महामंडल विधान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मुनि प्रणीत सागर के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने धर्मआराधना की और पूजन कर पुण्य लाभ लिया। रात को जयपुर में अगले महीने दीक्षा लेने वाले तीन भैयाजी की गोद भराई होगी। इसी दौरान 48 दीपों से आरती भी की जाएगी।
दरअसल, आचार्य विशुद्ध सागर जी के शिष्य मुनि प्रणीत सागर चातुर्मास के लिए उज्जैन में विराजित हैं। उनके सानिध्य में पूरे चार महीने तक धार्मिक अनुष्ठान हुए। इसी कड़ी में अष्टान्हिका महोत्सव 17 नवंबर से शुरू हुआ था। इसके तहत सिद्ध चक्र महामंडल विधान में रोजाना धार्मिक क्रियाएं हो रही थीं। मंगलवार को समापन कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पूजा-अर्चना कर धर्म लाभ लिया। सचिव गौरव जैन ने बताया कि आठ दिनों तक चले धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं को धर्म आराधना का अवसर मिला। कार्यक्रम महावीर दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट लक्ष्मीनगर, श्री महावीर ज्ञानपीठ महिला मंडल एवं लक्ष्मीनगर सेठीनगर जैन समाज के सहयोग से हुआ।
तीन भैयाजी का होगा सम्मान: महावीर भवन में आज रात तीन भैयाजी का सम्मान कर गोदभराई की जाएगी। दरअसल बैरसिया के विशाल भैया, कोटा के अतिशय भैया और टीकमगढ़ के रोहित भैया की दीक्षा अगले महीने जयपुर में हो रही है। मुनि आदित्य सागर जी दीक्षा देंगे। दीक्षा पूर्व भैयाजी के बिनौली और गोदभराई के कार्यक्रम हो रहे हैं। जीवंधर जैन के मुताबिक महावीर भवन में यह कार्यक्रम रात 8.30 बजे होगा।









