11 मुखी हनुमान मंदिर पर रोका नाला, कॉलोनी में घुसा पानी

उज्जैन। शहर में सीवरेज प्रोजेक्ट का काम कर रही एमपी पटेल कंपनी के लोगों ने सोमवार की शाम इंदिरानगर के पास स्थित ११ मुखी हनुमान मंदिर के पास नाला मलबे से पैक कर दिया। इस वजह से सीवरेज का पानी आसपास की कॉलोनियों में फैल गया। हाल यह रहा कि नाले के गंदे पानी में मंदिर में डूब गए।
दरअसल, शहर में सीवरेज प्रोजेक्ट का काम अलग-अलग स्तर पर चल रहा है। इंदिरानगर क्षेत्र में यह काम एमपी पटेल कंपनी कर रही है। 11 मुखी हनुमान मंदिर के पास से नाला क्रॉसिंग कर रहा है। इस क्रॉसिंग के लिए एमपी पटेल कंपनी के इंजीनियरों ने नाले को मलबा डालकर पैक किया था। सोमवार शाम से पैक नाले को काम पूरा होने के बाद सुबह 4 बजे खोला जाना था लेकिन यह सुबह 9 बजे तक नहीं खुला। इस वजह से रुका पानी बैक कर गया और यह कॉलोनियों में भर गया। पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने बताया कि बड़ी मुश्किल से वार्ड के सफाईकर्मी और दरोगाओं को बुलाया गया। फिर जेसीबी बुलवाकर मलबा साफ करवाया, तब कहीं जाकर गंदा पानी बाहर निकला।
सीवरेज प्रोजेक्ट के इंचार्ज कार्यपालन यंत्री साहिल मैदावाला ने बताया कि ११ मुखी हनुमान मंदिर के पास दो नाले क्रॉस कर रहे हैं। इस कामके लिए एक तरफ का नाला सोमवार शाम पैक किया था। काम पूरा होने के बाद इसे तड़के ४ से ५ बजे तक खोला जाना था, लेकिन देरी हो गई। इस वजह से पानी बैक कर गया। हालांकि जानकारी मिलते ही नाले को तत्काल खुलवाया गया। स्थिति थोड़ी देर में ठीक हो गई।









