सुबह नल नहीं चले, 30 हजार लोग प्रभावित

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। इंदिरा नगर सहित आसपास के वार्डों में शनिवार को नल नहीं चले। आसपास की अन्य कॉलोनियों में भी यही स्थिति रही। लोगों ने शिकायत की तो निगम के अफसरों ने मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिए।
समस्या का निराकरण नहीं होने पर वार्ड 6 के पार्षद शिवेंद्र तिवारी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ इंदिरा नगर स्थित पेयजल टंकी पर पहुंचे और पेयजल वितरण प्रभारी इंजीनियर दिलीप नोदाने को बुलाकर चर्चा की। इंजीनियर ने बताया बिजली आपूर्ति नहीं होने से पानी की टंकी नहीं भर पाई इसलिए समस्या हुई। क्षेत्र में सक्रिय भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया वार्ड 3 से वार्ड 7 तक की कॉलोनियों में पिछले डेढ़ साल से पेयजल वितरण की समस्या बनी हुई है और करीब 30 हजार लोग प्रभावित हो रहे हैं।
शनिवार को सर्वपितृ अमावस्या के दिन पानी का संकट होने से लोग परेशान हुए। नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों और इंजीनियरों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ करने से उनकी परेशानी दोगुनी हो गई। लोगों ने पेयजल के लिए जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से शिकायत की। कार्यकर्ताओं ने बताया इंदिरा नगर, शिव शक्ति नगर, जनता नगर, बजरंग नगर सहित वार्ड 3, 4, 5, 6 तथा 7 की 20 से ज्यादा कॉलोनियों में 8 दिनों से पानी नहीं आ रहा है। जहां पानी आ रहा है वहां 15 मिनट से ज्यादा नल नहीं चल रहे हैं।
उज्जैन वार्ड 3 में प्रमुख कॉलोनियां मंगल नगर, चंद्र नगर सहित अन्य कॉलोनियों और वार्ड 4 की राजेंद्र नगर, पुष्पांजलि नगर, नागेश्वरधाम कॉलोनी, राजीव नगर सहित अन्य कॉलोनियों में 8 दिन से नल नहीं आए हैं। जब नल आते हैं तब प्रेशर भी नहीं रहता है जिससे ऊंचाई पर बने मकानों तक पानी नहीं पहुंच पाता है। सुबह नल नहीं आने के कारण महिलाओं और स्कूल जाने वाले बच्चों को ज्यादा परेशानी होती है।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि नगर निगम के इंजीनियरों से बात करते हैं तो वे बिजली आपूर्ति नहीं होने के कारण टंकी नहीं भरने का कारण बताते हैं। जबकि बिजली कंपनी के अधिकारी पर्याप्त आपूर्ति का दावा करते हैं। पार्षद तिवारी ने बताया डेढ़ साल में नगर निगम और बिजली कंपनी को कई बार पत्र लिख चुके हैं परंतु कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। लोग पार्षद को ही घेरते हैं। अफसर फोन नहीं उठाते।
कभी वॉल्व खराब तो कभी पाइप लाइन फूटी
पार्षद तिवारी ने बताया कि निगम के इंजीनियर कभी वॉल्व खराब होना तो कभी सडक़ चौड़ीकरण के कारण पाइप लाइन फूटना जैसे कारण बताते हैं। गंभीरता से जिम्मेदारी पूर्वक काम नहीं करने के कारण लोगों को परेशानी उठाना पड़ रही है।









