जहां चलाई थी गोली, वहीं हुई जमकर धुनाई

गुंडों पर अंकुश: रंजिश में युवक को धमकाने के लिए किया था हवाई फायर
दो आदतन अपराधियों पर जब बरसे पाइप तो बचने की देते रहे दुहाई
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। रंजिश में एक युवक को धमकाने के लिए हवाई फायर करना दो हिस्ट्रीशीटरों को भारी पड़ गया। दोनों ने जहां फायर किया था, पुलिस ने वहीं ले जाकर उनकी जमकर पिटाई की। जब दोनों पर पाइप बरस रहे थे तो यह बचने के लिए अपराध नहीं करने की दुहाई दे रहे थे।
दरअसल, जालसेवा निकेतन के सामने स्थित वाल्मीकि कॉलोनी में रहने वाले सुजल खरे की रंजिश अशोक नगर के २६ साल के साहिल पिता संतोष से है। इसे लेकर पहले भी दोनों आमने-सामने हो चुके हैं। बुधवार-गुरुवार की रात साहिल ने गढक़ालिका रोड के जानकीनगर में रहने वाले दोस्त सचिन उर्फ आयुष पिता मोहनलाल को बुलाया और सुजल को घेरने उसके घर पहुंच गया।
तडक़े ३.३० बजे दोनों ने सुजल को ललकार कर घर से बाहर बुलाया और फिर चाकू से उसे धमकाने लगे। जब सुजल नहीं डरा तो सचिन ने देसी कट्टे से हवाई फायर कर दिया। हवाई फायर होने से सुजल का परिवार घबरा गया और कॉलोनी के अन्य लोग भी घर से बाहर निकल आए। भीड़ देखकर दोनों मौके से भाग गए। गुरुवार को पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। फिर इन्हें वाल्मीकि कॉलोनी ले जाया गया। यहां इन पर जमकर पाइप बरसाए गए।
दोनों हिस्ट्रीशीटर
हवाई फायर करने वाले दोनों आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं। सचिन पर ५ और साहिल पर ८ प्रकरण दर्ज हैं। माधवनगर टीआई गजेंद्र पचौरिया ने बताया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शख्स को छोड़ा नहीं जाएगा। ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








