कॉकरोच आंदोलन, आज आने वाली स्पेशल ट्रेन नहीं आई, कल दो और नहीं आएंगी

ऑनलाइन बुकिंग का रिफंड सीधे खाते, बाकी के लिए विंडो का संघर्ष
उज्जैन।दिल्ली के जंतर-मंतर पर हो रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन के कारण हजरत निजामुद्दीन से इंदौर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन (०९३१०) शनिवार को उज्जैन नहीं आई। रविवार को भी रैक नहीं होने से दो ट्रेन नहीं आएंगी। कल यहां से जाने वाली तीन ट्रेनें नहीं गई थीं।
दरअसल, आंदोलन के कारण श्ुाक्रवार दोपहर एकाएक रेलवे ने आंबेडकर नगर व इंदौर से दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली तीन ट्रेनों को निरस्त कर दिया था। एकाएक ट्रेन निरस्त होने से यात्री सकते में आ गए थे और कइयों को यात्रा निरस्त करनी पड़ी थी।
यह ट्रेन आंबेडकर नगर-नईदिल्ली सुपरफास्ट (२०१५५), इंदौर-नईदिल्ली सुपरफास्ट (१२४१५) और इंदौर-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल (०९३०९) थी। २२ कोच से चलने वाली इन तीनों ट्रेन के करीब ३२०० यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी। इनमें उज्जैन के भी १००० यात्री थे। तीनों ट्रेन रद्द होने से इनके रैक दिल्ली नहीं पहुंचे, इस कारण दिल्ली से आने वाली हजरत निजामुद्दीन-इंदौर एक्सप्रेस (०९३१०) शनिवार को उज्जैन नहीं आई। रविवार को नईदिल्ली-आंबेडकर नगर(२०१५६) और नईदिल्ली-इंदौर सुपरफास्ट (१२४१६) उज्जैन नहीं आएगी।
समय पर यात्रियों को सूचना दी, एसएमएस भेजें, ऑनलाइन रिफंड खाते में आएगा:समय पर यात्रियों को ट्रेन रद्द होने की सूचना दे दी गई थी। एसएमएस के माध्यम से भी संदेश भेजे गए थे। ऑनलाइन टिकट वालों का १०० फीसदी रिफंड उनके खाते में आएगा।
विंडो टिकट लेने वाले आरक्षण कार्यालय से रिफंड ले सकते हैं। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए रतलाम, इंदौर और उज्जैन रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क खोले थे। यहां से यात्रियों को समय पर सही और सटीक जानकारी दी गई।-मुकेश कुमार, पीआरओ रतलाम डिवीजन









