धन्वंतरि आयुर्वेदिक कॉलेज के इंटर्न का विरोध तेज अस्पताल की ओपीडी पर डाले ताले

करीब एक सप्ताह से चल रहा है धरना-प्रदर्शन
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। स्टाइपेंड राशि में वृद्धि को लेकर चल रह धन्वंतरि आयुर्वेदिक कॉलेज के इंटर्न का विरोध सोमवार को तेज हो गया। उन्होंने हॉस्पिटल के मुख्य गेट पर ताला डाल दिया और ओपीडी बंद कर दी। एक सप्ताह से इंटर्न धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी जा रही।
दरअसल, सरकार ने एलोपैथी के इंटर्न का स्टाइपेंड हाल ही में बढ़ाकर 22 हजार रुपए किया है, जबकि आयुर्वेदिक कॉलेज के इंटर्न को अभी भी 9383 रुपए ही स्टाइपेंड के रूप में मिल रहे हैं। यह राशि उनके लिए ऊंट के मुंह में जीरा समान है,क्योंकि अधिकतर इंटर्न बाहरी जिलों से हंै। उनके खाने-रहने का खर्च इसकी तुलना में कई गुना ज्यादा है। ऐसे में वे स्टाइपेंड में वृद्धि चाहते हैं। शासन स्तर पर उनकी मांग पहुंचाई जा चुकी है लेकिन अब तक कोई फैसला नहीं हुआ है। फैसला नहीं होने से उज्जैन के भी करीब 300 इंटर्न और विद्यार्थियों को नुकसान हो रहा है। पिछले सोमवार से वे हॉस्पिटल परिसर में धरना दे रहे हैं लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
पुलिस पहुंची समझाने, इंटर्न तैयार नहीं: चिमनगंज थाने के समीप स्थित आयुर्वेदिक हॉस्पिटल के मेनगेट पर ही इंटर्न ने ताला डाल दिया और ओपीडी बंद कर दी। उन्होंने आज हॉस्पिटल बंद है का बैनर भी बैरिकेड और गेट पर लगा दिया।
राष्ट्रीय आयोग के निर्देश पर सुनने को तैयार नहीं: इंटर्न ने कहा कि राष्ट्रीय आयोग के निर्देश है कि आयुर्वेदिक इंटर्न का स्टाइपेंड एलोपैथिक इंटर्न के समान होना चाहिए, पर इस नियम का पालन नहीं हो रहा है।
किस राज्य में बीएएमएस को कितना स्टाइपेंड
तेलंगाना 29,792
बिहार 27,000
दिल्ली 23,500
मध्यप्रदेश 9383









