उज्जैन के तैराक अर्जुन एशियन स्वीमिंग में पानी से निकाल लाए कांसा

बैंगलुरु में 27 देशों के खिलाडिय़ों के सामने दमदार प्रदर्शन कर चौंकाया
उज्जैन। उज्जैन के 27 साल के तैराक अर्जुन सोलंकी एशियन मास्टर्स स्वीमिंग कॉम्पिटिशन में पानी में से कांसा (ब्रांज मेडल)निकाल लाए। 27 देशों के तैराकों के बीच दमदार प्रदर्शन से उन्होंने सबको चौंका दिया।
एशियन मास्टर्स स्वीमिंग कॉम्पिटिशन 4 से 10 अक्टूबर तक कर्नाटक के बैंगलुरु में हुई थी। इसमें 27 देशों के 1400 से ज्यादा खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया। अर्जुन 25 से 29 साल उम्र वर्ग मे 200 मीटर बैकस्ट्रोक (पीठ के बल पीछे की तरफ तैरने) में उतरे थे। 27 देशों के खिलाडिय़ों को छकाते हुए उन्होंने फाइनल तक का सफर तय किया। फाइनल में नौ तैराकों के बीच मुकाबला हुआ और इसमें वे तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें ब्रांज मेडल दिया गया। पहले नंबर पर श्रीलंका और दूसरे पर भारत के ही एक अन्य तैराक हैं।
कोच ने कराई खूब मेहनत
अर्जुन अपने मेडल के सफर को आसान बनाने का श्रेय कोच देवीदास रामचंदानी (गोलू) और अमित यादव को देते हैं। वे कहते हैं कि दोनों ने उनसे कड़ी मेहनत करवाई। टारगेट हासिल करने के लिए सुबह-शाम ३-३ घंटे तक तैराकी करवाई। कोच ने लगातार समय में सुधार करवाया। इसका नतीजा ब्रांच मेडल के रूप में सामने आया है।
निगम कर्मचारी हैं अर्जुन
अर्जुन नगरनिगम उज्जैन के कर्मचारी हैं। वह कोठी रोड स्थित स्वीमिंग पूल में पदस्थ हैं। वह बच्चों को स्वीमिंग की ट्रेनिंग भी देते हैं। स्वीमिंग कॉम्पिटिशन में उन्होंने 2010से हिस्सा लेना शुरू किया था। शुरुआत में तो सफलता नहीं मिली लेकिन 2023 के नेशनल गेम्स ने उन्हें नया मुकाम दिया। इसमें उन्होंने सिल्वर मेडल जीता। एशियन मॉस्टर्स गेम्स का टिकट हासिल करने के लिए उन्हें हरियाणा का नेशनल स्वीमिंग कॉम्पिटिशन क्वालिफाई करना पड़ा था।
उज्जैन के पांच तैराक स्पर्धा में हुए थे शामिल
प्रतिष्ठित स्पर्धा में उज्जैन से अर्जुन सहित पांच तैराक शामिल हुए थे। इनमें दिलीप जोशी(बाबा), अविनाश टटावत, सोमेश शर्मा और सुभाष गुप्ता शामिल हैं। पदक सिर्फ अर्जुन के हाथ आया।
स्थानीय पदाधिकारियों जताया हर्ष अर्जुन की उपलब्धि पर सुनील पारिक, हरीश शुक्ला, चित्रेश शर्मा, शिव टांक, नैनाज हुसैन और ओमप्रकाश तिवारी ने हर्ष जताया है।









