कैंसर पीड़ित युवक के साथ क्या हुआ? चंबल-चावला नदी में मिला शव

अक्षरविश्व न्यूज उन्हेल। ग्राम सेकड़ी सुल्तानपुर में रहने वाले कैंसर से पीडि़त 50 वर्षीय व्यक्ति का शव रविवार को चंबल-चावला नदी में मिला। युवक 9 अक्टूबर से घर से लापता था। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से निकलवाकर मामले की जांच शुरू की। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पूनमचंद पिता लालजी (50) निवासी ग्राम सेकड़ी सुल्तान, अपने मामा भादर पिता भगवान के यहां रहकर मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि पूनमचंद कैंसर की बीमारी से पीडि़त था। वह 9 अक्टूबर को अचानक घर से लापता हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजन ने पुलिस को सूचना दी थी।
परिजन ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
परिजन के अनुसार, पूनमचंद के लापता होने के बाद उसके पुत्र ने 9 अक्टूबर को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। अज्ञात व्यक्ति पर उसके पिता का अपहरण करने की आशंका जताई थी। इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है
पूनमचंद के कैंसर से पीडि़त होने के कारण उसकी मौत को लेकर खुदकुशी आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पूनमचंद की मौत किन परिस्थितियों में हुई।









