गुरु के भरोसे पर लगा दाग, 12वीं की छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में कोचिंग संचालक

ग्वालियर। थाटीपुर थाना क्षेत्र में एक कोचिंग क्लासेस के संचालक ने 12वीं की छात्रा से रेप किया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 24 सितंबर की है। छात्रा ने महिला पुलिस अफसरों को बताया कि हमारे बैच की छुट्टी थी, लेकिन सर ने मुझे कोचिंग पर बुलाया था।
सुबह 8.30 बजे मैं वहां पहुंची। इसके बाद सर गंदी हरकत करने लगे। मैंने विरोध किया तो वे चोटी पकड़ घसीटते हुए अपने कमरे में ले गए और चिल्लाने पर मुंह दबा दिया। इसके बाद दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी, जिससे मैं डर गई और कई दिनों तक खामोश रही। कोचिंग न जाने पर मामा की सख्ती और पूछताछ के बाद मामला सामने आया, जिसके बाद सोमवार को पुलिस ने रेप का मामला दर्ज किया है। घटना की सच्चाई सामने आते ही मामा पीडि़ता को लेकर तुरंत थाटीपुर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीडि़त छात्रा की शिकायत पर कोचिंग संचालक पर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने व धमकाने का मामला दर्ज कर लिया है।








