15 ठिकानों पर लोकायुक्त की दबिश, हेड कॉन्स्टेबल के पास मिली 6.26 करोड़ की संपत्ति

6.26 करोड़ की संपत्ति मिली
इंदौर/देवास। लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार सुबह आय से अधिक संपत्ति के मामले में पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (PTC), इंदौर में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल (ड्राइवर) फिरोज खान के खिलाफ कार्रवाई की। लोकायुक्त इंदौर और उज्जैन की संयुक्त टीम ने सुबह 6 बजे से देवास स्थित उसके निवास सहित इंदौर और देवास के 15 ठिकानों पर सर्चिंग शुरू की।
आय से 223 प्रतिशत अधिक संपत्ति का अनुमान
शुरुआती जांच में आरोपी के पास करीब 6.26 करोड़ रुपए की अनुपातहीन संपत्ति मिलने की बात सामने आई है। लोकायुक्त के अनुसार, यह संपत्ति उसकी अनुमानित आय से करीब 223 प्रतिशत अधिक है।
जमीनों के कारोबार और निवेश के आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि फिरोज खान पुलिस विभाग में पदस्थ होने का प्रभाव दिखाकर देवास क्षेत्र में विवादित जमीनों और प्लॉटों के मामलों में हस्तक्षेप करता था। उस पर अन्य लोगों के माध्यम से जमीनों का लेन-देन करने, संपत्तियों में निवेश करने, परिवार के सदस्यों और एक परिचित महिला के नाम पर संपत्ति खरीदने, कई वाहन रखने और लकड़ी का कारोबार करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच
एसपी राजेश सहाय के मुताबिक, फिरोज खान की वेतन से करीब 75 लाख रुपए की आय अनुमानित है। अन्य स्रोतों से होने वाली आय सहित उसकी कुल आय करीब 1.93 करोड़ रुपए आंकी गई है। इसके मुकाबले जांच में करीब 6.26 करोड़ रुपए की संपत्ति सामने आई है। लोकायुक्त टीम संपत्तियों के दस्तावेजों, निवेश और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।









