Popup Image
Advertisement

फैक्टरी से चोरी किया लाखों का तांबा? डिलीवरी से पहले खुल गया पूरा खेल

पांच टाटा एस में 11 टन माल के साथ इंदौर के पांच आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

डेढ़ करोड़ का माल जब्त, हिरासत में लेकर पूछताछ जारी, फैक्टरी कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पीथमपुर की एक फैक्टरी से चोरी कर तांबे का स्क्रैप लेकर उज्जैन में खपाने पहुंचे पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जब्त माल में 11 टन तांबा है। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। आशंका है कि फैक्टरी का कोई कर्मचारी आरोपियों से मिला हुआ था। जब्त माल की कीमत डेढ़ करोड़ रुपए आंकी है।

Advertisement

दरअसल, पीथमपुर स्थित फैक्टरी में स्क्रैप को गलाकर तांबा और कीमती धातु अलग की जाती है। फिर शुद्ध धातु को अन्य कंपनियों को बेच दिया जाता है। फैक्टरी से अप्रैल महीने से ही स्क्रैप की चोरी हो रही थी। कंपनी के मालिक इस पर निगाह रखे हुए थे। सोमवार की दोपहर करीब २ बजे पांच टाटा एस वाहन स्क्रैप लेकर उज्जैन के लिए निकले थे। इनके उज्जैन जाने की सूचना कारोबारी ने दी थी। ऐसे में उज्जैन पुलिस को इत्तला दी गई।

रणकेश्वर मंदिर के पास ब्रिज के नीचे पुलिस ने रात में जब लोडिंग वाहनों को रोका तो इनमें स्क्रैप भरा मिला। वाहन चालकों के पास स्क्रैप के ट्रांसपोर्टेशन के कोई दस्तावेज नहीं थे। एएसआई दिनेश सरोठिया ने प्लास्टिक की बोरियों में भरे क्रिस्टलनुमा तांबे के चूरे का हरिओम धर्मकांटे पर वजन कराया। तो यह 16,575 किलोग्राम निकला। इसमें 11 टन तांबा था। शेष वाहनों का वजन था। पांचों वाहन चालकों को हिरासत में लिया गया और पूछताछ शुरू की गई।

Advertisement

इंदौर के शख्स ने उज्जैन ले जाने का कहा था
इन ड्राइवरों को इंदौर में रहने वाले युसूफ नाम के शख्स ने स्क्रैप लेकर भेजा था। यह माल कहां दिया जाना था, इसकी जानकारी ड्राइवरों को नहीं थी। इनके साथ एक शख्स भी आया था,जो दबिश के दौरान भाग निकला।

यह आरोपी हिरासत में
सुरेश सोलंकी, राहुल चौहान, शंकर सिंह ढाला, रामकिशन पंवार, सभी निवासी गांधी नगर पैलेस, सिरपुर रोड, थाना चंदन नगर, इंदौर और विनायक राठौर, निवासी गुलमर्ग परिसर, अंबामोलिया रोड, बिचौली हप्सी, कनाडिय़ा, इंदौर।

पूछताछ जारी
आरोपियों से पूछताछ जारी है। यह लोग पीथमपुर की एक फैक्टरी से माल लेकर निकले थे। उज्जैन में यह माल सौंपना था। इन्हें माल ले जाने का किसने बोला था, उसका पता लगाया जा रहा है। आशंका है कि फैक्टरी का ही कोई शख्स चोरी में शमिल है।
प्रदीप शर्मा, एसपी

इंदौर के शख्स का पता लगा रहे है
इंदौर के शख्स के मिलने के बाद सारी स्थिति साफ होगी। उसने ही माल लोड करवाया था और डिलिवरी का कहा था। पूछताछ जारी है। बरामद माल की कीमत डेढ़ करोड़ रुपए आंकी गई है।
गमरसिंह मंडलोई
थाना प्रभारी पंवासा

किस वाहन में कितना माल

1. टाटा एस क्रमांक एमपी 09-एएक्स -5704 — वजन 4,165 किलो।
2. टाटा एस गोल्ड (नया वाहन, बिना नंबर) — वजन 2,335 किलो।
3. टाटा एस गोल्ड क्रमांक एमपी 09-एजे-2175 — वजन 4,035 किलो।
4. टाटा एस गोल्ड क्रमांक एमपी 09 बीके-4988 वजन 2,965 किलो।
5. टाटा एस गोल्ड क्रमांक एमपी-09- बीआर 4162 — वजन 3,075 किलो।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें