जेल में हत्या के आरोपी ने पीया फिनाइल, बिगड़ी हालत तो मचा हड़कंप

जमानत नहीं मिलने के दबाव में उठाया कदम, पूर्व वकील से 9 लाख रुपए के लेन-देन का विवाद
रतलाम। रतलाम सर्किल जेल में हत्या के आरोप में बंद विचाराधीन कैदी राहुल जाट (35), पिता शंकरलाल जाट ने बुधवार शाम फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। कैदी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद शाम करीब 7 बजे उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
सफाई के दौरान बोतल छीनकर पीया फिनाइल
सहायक जेल अधीक्षक ब्रजेश मकवाने के अनुसार, दोपहर करीब 4 बजे लॉकअप खुलने के बाद जेल की सफाई गैंग बैरकों और वार्ड की सफाई करने जाती है। सफाई के दौरान झाड़ू और फिनाइल सहित अन्य साधन साथ रखे जाते हैं। राहुल जाट बैरक नंबर-9 में बंद था। उसने सफाईकर्मियों से अपने बाथरूम की सफाई करने को कहा। इसी दौरान सफाई के लिए फिनाइल लेकर पहुंचे बंदी के हाथ से राहुल ने बोतल छीन ली और दो-तीन घूंट पी लिए। घटना होते ही अन्य बंदियों और प्रहरियों ने उसे पकड़कर बोतल छीन ली। जेल चिकित्सक की सलाह पर उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया
जमानत नहीं मिलने को बताया वजह
सहायक जेल अधीक्षक मकवाने ने बताया कि राहुल जाट ने फिनाइल पीने के पीछे जमानत नहीं मिलने का दबाव बताया है। उसके अनुसार, उसके परिजनों ने पूर्व वकील चेतना अवस्थी के खिलाफ थाने सहित अन्य जगहों पर आवेदन दिए हैं, लेकिन कोई एफआईआर दर्ज नहीं हो रही है। राहुल का आरोप है कि इसी वजह से उसकी जमानत नहीं हो पा रही है। मकवाने के मुताबिक, चेतना अवस्थी ने मंगलवार को जेल प्रशासन को आवेदन देकर राहुल का स्थानांतरण करने और उसके द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि राहुल और अधिवक्ता के बीच पहले लेन-देन भी रहा है।
पूर्व वकील ने लगाए छवि धूमिल करने के आरोप
अधिवक्ता चेतना अवस्थी ने बताया कि दो दिन पहले राहुल जाट के परिजनों ने सोशल मीडिया पर उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की थी। इस संबंध में उन्होंने थाने में आवेदन दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार से परिचय होने के कारण राहुल के जीजा ने जरूरत पड़ने पर उनसे रुपए मांगे थे। तब उन्होंने आरटीजीएस के माध्यम से 9 लाख रुपए दिए थे।
अवस्थी के अनुसार, वह पिछले 10 महीने से राहुल की वकील नहीं हैं। अब रुपए वापस मांगने पर उनके खिलाफ अनर्गल आरोप लगाकर छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत की है और राहुल के खिलाफ जेल प्रशासन को आवेदन दिया है।
डबल मर्डर के आरोप में बंद है राहुल
राहुल जाट नामली थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में आरोपी है। उसे पहले रतलाम जेल में रखा गया था, जिसके बाद जावरा उप जेल स्थानांतरित कर दिया गया। वह करीब एक साल तक जावरा उप जेल में रहा। दो से तीन महीने पहले उसे फिर रतलाम सर्किल जेल में शिफ्ट किया गया। सहायक जेल अधीक्षक के अनुसार, इस मामले में कुल 21 आरोपी थे, जिनमें से 20 को जमानत मिल चुकी है। राहुल की जमानत नहीं हुई है। जेल प्रशासन के अनुसार, उसने इसी बात को फिनाइल पीने की वजह बताया है।









