भाजपा नेता और किराना व्यवसायी ने दुकान में फांसी लगाकर की आत्महत्या

मावता में दुकान के अंदर फंदे पर मिला शव, मौके से मिला सुसाइड नोट; आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
रतलाम। कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के मावता गांव में भाजपा नेता और किराना व्यवसायी कपिल जायसवाल (44) ने मंगलवार को अपनी दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह दुकान के अंदर उनका शव फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
मावता पुलिस चौकी प्रभारी दिनेश राठौर सहित पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें लिखा है, “मैं मानसिक रूप से परेशान हूं। अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा हूं। घर वालों को परेशान नहीं किया जाए।”
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए जावरा के सरकारी अस्पताल भेजा। दोपहर में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
परिवार में पत्नी, बेटा और बेटी
कपिल जायसवाल के परिवार में माता-पिता के अलावा पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
आत्महत्या के कारणों की जांच
पुलिस के अनुसार आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में मृतक के मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और सुसाइड नोट सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आत्महत्या से पहले किन परिस्थितियों के कारण कपिल जायसवाल तनाव में थे।









